रुद्रप्रयाग के होटल में मृत मिली महिला थी 05 माह की गर्भवती, साथ आए लिव इन पार्टनर ने दोस्त संग की हत्या
पुलिस ने लिव इन पार्टनर को उसके दोस्त के साथ हरियाणा से किया गिरफ्तार
Srimohan Naithani, Rudraprayag: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में होटल के कमरे से मिली हरियाणा की युवती काजल की लाश के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि युवती की हत्या उसके ही लिव-इन पार्टनर ने अपने दोस्त के साथ मिलकर की थी। हत्या के बाद दोनों आरोपी होटल के कमरे को बंद कर फरार हो गए थे। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से दोनों आरोपियों को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। यह बात भी सामने आई कि युवती 05 माह की गर्भवती थी।

07 मार्च को होटल के कमरे में मिली थी युवती की लाश
घटना 7 मार्च की रात सामने आई, जब रुद्रप्रयाग कोतवाली पुलिस को शहर के गैलेक्सी होटल से सूचना मिली कि एक कमरे में ठहरी युवती बेहोशी की हालत में पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती को तुरंत जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कमरे को सील कर दिया और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए।
लिव-इन पार्टनर और दोस्त के साथ होटल में रुकी थी युवती
जांच में पता चला कि मृतका अपने लिव-इन पार्टनर और उसके दोस्त के साथ 6 मार्च 2026 की रात होटल में ठहरी थी। लिव-इन पार्टनर को आरंभ में उसका पति भी बताया जा रहा था। अगले दिन दोनों युवक होटल से यह कहकर बाहर निकले कि वे कुछ देर में वापस लौटेंगे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं आए। इससे होटल संचालक को शक हुआ और उसने पुलिस को सूचना दे दी।
हरियाणा की रहने वाली थी मृतका
पुलिस की जांच में पता चला कि युवती और दोनों युवक हरियाणा के निवासी हैं। पुलिस ने मृतका के परिजनों से संपर्क किया। 8 मार्च को मृतका के परिजन रुद्रप्रयाग पहुंचे और जिला अस्पताल में शव की पहचान काजल (लगभग 30 वर्ष), निवासी पीपली, जिला कुरुक्षेत्र (हरियाणा) के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने मृतका के भाई अकबर की तहरीर पर अरुण और अक्षय के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया।
हरियाणा से पकड़े गए दोनों आरोपी
एसपी रुद्रप्रयाग के निर्देश पर पुलिस की कई टीमों ने आरोपियों की तलाश शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए आरोपियों की लोकेशन ट्रैक की गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 10 मार्च 2026 की शाम दोनों आरोपियों को हरियाणा के कैथल जिले के चीका थाना क्षेत्र, पटियाला रोड से गिरफ्तार कर लिया और उन्हें रुद्रप्रयाग ले आई।
चार साल से लिव-इन रिलेशनशिप में थे दोनों
पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी अरुण कुमार ने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से काजल के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था और दोनों के परिवारों को भी इसकी जानकारी थी। 4 मार्च 2026 को अरुण, काजल और उसका दोस्त अक्षय घूमने के लिए निकले थे। वे अंबाला और हरिद्वार होते हुए 6 मार्च को रुद्रप्रयाग पहुंचे और गैलेक्सी होटल में कमरा लेकर ठहर गए।
झगड़े के बाद चुन्नी से गला घोंटकर की हत्या
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि 7 मार्च की सुबह किसी बात को लेकर काजल और अरुण के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह विवाद गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान अरुण ने काजल के हाथ-पैर पकड़ लिए, जबकि उसके दोस्त अक्षय ने पहले उसका गला दबाया और बाद में काजल की ही चुन्नी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने कमरे में ताला लगाया और मौके से फरार हो गए।
पहले भी दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ उनके गृह क्षेत्र थाना चीका, जिला कैथल (हरियाणा) में पहले भी मामला दर्ज है। उन पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) के तहत स्नैचिंग का केस दर्ज हुआ था और 24 जनवरी 2026 को उन्हें उस मामले में गिरफ्तार भी किया गया था। पुलिस अब दोनों आरोपियों के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी
हत्या के आरोपियों का विवरण
अरुण कुमार (21 वर्ष)
पुत्र राजेश, वार्ड संख्या 17, थाना चीका, जिला कैथल (हरियाणा)
अक्षय (23 वर्ष)
निवासी वार्ड संख्या 3, जाटों का मोहल्ला, थाना चीका, जिला कैथल (हरियाणा)



