
Divij Bahuguna, Rtw News: राजधानी देहरादून में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों के सपनों को हमेशा के लिए बुझा दिया। आईटी पार्क के पास तेज रफ्तार बुलेट बाइक के पेड़ से टकराने से डीआईटी विश्वविद्यालय के दो छात्रों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
पुलिस के अनुसार हादसा मंगलवार देर रात उस समय हुआ, जब दोनों छात्र धोरणपुल से आईटी पार्क की ओर जा रहे थे। बाइक अचानक अनियंत्रित होकर आदर्श एन्क्लेव गेट के पास एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
आईटी पार्क चौकी प्रभारी अर्जुन सिंह गुसांई ने बताया कि हादसे में देव कुमार (22) निवासी ग्राम कुमार, थाना सिकंदरा, जिला जमुई (बिहार) और रोनित विश्वास (19) निवासी दीमापुर, नगालैंड की जान चली गई। दोनों डीआईटी विश्वविद्यालय में बीफार्मा के छात्र थे और पढ़ाई के सिलसिले में देहरादून में रह रहे थे।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस से मैक्स अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने देव कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि रोनित विश्वास को गंभीर हालत में इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। लेकिन बुधवार सुबह इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
हेलमेट नहीं पहनना पड़ा भारी
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसे के समय देव कुमार ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। टक्कर के दौरान सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही हालत नाजुक हो गई थी। वहीं रोनित विश्वास के सिर और पैर में भी गंभीर चोटें आई थीं।
दो बाइकों पर निकले थे घूमने
पुलिस के मुताबिक विश्वविद्यालय के चार छात्र मंगलवार रात खाना खाने के बाद दो बाइकों पर घूमने के लिए निकले थे। एक बुलेट बाइक पर दो छात्र आगे चल रहे थे, जबकि दूसरी बुलेट पर देव कुमार और रोनित विश्वास पीछे आ रहे थे।
देव कुमार बाइक चला रहा था। आदर्श एन्क्लेव गेट के पास उसने आगे चल रही बाइक को ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन सड़क पर मौजूद मोड़ के कारण वह बाइक पर नियंत्रण नहीं रख पाया। तेज रफ्तार बुलेट सीधे सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई।
परिजनों को दी गई सूचना
हादसे के बाद पुलिस ने दोनों छात्रों के परिजनों को सूचना दे दी है। अचानक हुए इस हादसे से डीआईटी विश्वविद्यालय परिसर में भी शोक का माहौल है। दो युवा जिंदगियां पलभर में खत्म हो जाने से हर कोई स्तब्ध है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी के खतरनाक परिणामों की याद दिलाता है।



