
Divij Bahuguna, Dehradun: राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर तीन मुस्लिन नाबालिग आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता भी पटेलनगर कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
पुलिस को दी गई तहरीर में महिला ने बताया कि वह कपड़े धोने का काम कर परिवार का गुजारा करती है। 12 मार्च की शाम करीब 07 बजे उनकी 14 वर्षीय बेटी कपड़े देने के लिए पटेलनगर क्षेत्र में गई थी। इसी दौरान एक युवक ने फोन कर उसे हरिद्वार बाईपास स्थित एक स्कूल के पास मिलने के लिए बुलाया।
महिला के अनुसार, जब उसकी बेटी बताए गए स्थान पर पहुंची तो वहां युवक के साथ उसके 02 अन्य साथी भी मौजूद थे। आरोप है कि तीनों उसे वहां से सुनसान जगह की ओर ले गए। शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने किशोरी को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे वह अचेत हो गई। इसके बाद उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया गया है।
परिजनों का कहना है कि सुबह आरोपी किशोरी को ई-रिक्शा में बैठाकर उसके घर के पास छोड़ गए। घर के बाहर पहुंचने पर वह गिर पड़ी। उसी समय उसकी एक सहेली वहां पहुंची और उसे सहारा देकर घर के भीतर लेकर गई। जिसके बाद किशोरी ने अपने परिवार को पूरी घटना बताई और फिर पीड़िता की मां ने पटेलनगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।
सूचना पर बजरंग दल ने किया प्रदर्शन
घटना की जानकारी मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता पटेलनगर कोतवाली पहुंचे और आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक चन्द्रभान अधिकारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर तीनों आरोपितों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चूंकि तीनों आरोपित नाबालिग हैं, इसलिए उन्हें किशोर न्याय बोर्ड (जुवेनाइल कोर्ट) के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



