
Round The Watch Desk: टी20 विश्व कप विजेता भारतीय टीम के चाइनामैन स्पिनर Kuldeep Yadav की शादी इन दिनों क्रिकेट जगत और खेल प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। उनकी शादी की रस्में 13 और 14 मार्च को मसूरी के एक प्रतिष्ठित रिसॉर्ट में आयोजित की जा रही हैं, जिसमें भारतीय क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
शादी से ठीक पहले गुरुवार को कुलदीप यादव देहरादून पहुंचे और यहां Cricket Association of Uttarakhand के पदाधिकारियों से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें विवाह समारोह का निमंत्रण दिया। देहरादून स्थित एसोसिएशन कार्यालय में उनका ढोल-नगाड़ों के साथ पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया। दोपहर करीब 12:40 बजे कार्यालय पहुंचे कुलदीप का माल्यार्पण, पुष्पगुच्छ और सम्मान के साथ अभिनंदन किया गया।
इस दौरान उन्होंने एसोसिएशन के पूर्व सचिव और Board of Control for Cricket in India के पूर्व उपाध्यक्ष Mahim Verma को अपनी शादी का व्यक्तिगत निमंत्रण दिया। महिम वर्मा ने कुलदीप को टी20 विश्व कप में भारत को गौरव दिलाने और जीवन के नए चरण में प्रवेश के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कुलदीप जैसे खिलाड़ी देश के साथ-साथ उत्तराखंड के लिए भी गर्व का विषय हैं।
इस अवसर पर एसोसिएशन की सचिव Kiran Verma ने कुलदीप का स्वागत करते हुए उन्हें भगवान केदारनाथ धाम की प्रतिकृति और भगवान बदरीनाथ का प्रसाद भेंट किया। कुलदीप ने उत्तराखंड की रणजी टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद टीम का रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल तक पहुंचना खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और संघर्ष का प्रमाण है।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष अजय पांडे, देहरादून जिला क्रिकेट एसोसिएशन के संयोजक पीसी वर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहित डोभाल और सुनील चौहान सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
बचपन की दोस्त वंशिका से बंधेंगे परिणय सूत्र में
कुलदीप यादव की शादी उनकी बचपन की मित्र वंशिका चड्ढा से तय हुई है। दोनों मूल रूप से कानपुर के निवासी हैं और कुलदीप का घर जाजमऊ क्षेत्र में स्थित है। दोनों की सगाई पिछले वर्ष 4 जून को लखनऊ में एक निजी समारोह में हुई थी, जिसमें भारतीय टीम के बल्लेबाज Rinku Singh सहित करीबी मित्र और परिवारजन शामिल हुए थे।
मसूरी में होंगी विवाह की रस्में
विवाह से जुड़ी रस्में 13 और 14 मार्च को Mussoorie के एक प्रतिष्ठित रिसॉर्ट में आयोजित की जाएंगी। 13 मार्च को हल्दी और मेहंदी की रस्में होंगी, जबकि 14 मार्च को वैवाहिक समारोह संपन्न होगा। इसके बाद 17 मार्च को लखनऊ में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा।
क्रिकेट जगत के सितारों के पहुंचने की उम्मीद
कुलदीप यादव के विवाह समारोह में भारतीय क्रिकेट के कई बड़े सितारों के शामिल होने की संभावना है। इनमें भारतीय टीम के कप्तान Rohit Sharma, विस्फोटक बल्लेबाज Suryakumar Yadav और भारतीय टीम के मुख्य कोच Gautam Gambhir प्रमुख रूप से शामिल हो सकते हैं।
इसके अलावा Ravindra Jadeja, Yuzvendra Chahal, Nitish Rana, Suresh Raina, Mohammad Kaif, R. P. Singh, Jitesh Sharma और Mohit Sharma समेत कई खिलाड़ी 13 मार्च को मसूरी पहुंचने की संभावना है।
करीब 200 मेहमानों की मौजूदगी में होने जा रहा यह विवाह समारोह खेल जगत की चर्चित शादियों में शामिल माना जा रहा है। टी20 विश्व कप की ऐतिहासिक जीत के बाद कुलदीप यादव के जीवन का यह निजी सुखद अवसर क्रिकेट प्रेमियों के लिए भी एक खास उत्सव का कारण बन गया है।





