Dehradun

सेलाकुई में आयल रिग उपकरण बनाने वाली फर्म पर शिकंजा, छापे के बाद 3.4 करोड़ जमा

आयुक्त राज्य कर सोनिका के निर्देश पर 07 टीमों ने ने एक साथ मारा छापा

Rajkumar Dhiman, Dehradun: औद्योगिक क्षेत्र सेलाकुई में तेल उत्खनन (ऑयल रिग) के उपकरण बनाने वाली एक कंपनी पर राज्य कर (स्टेट जीएसटी) विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। जांच के दौरान कर चोरी के ठोस सबूत मिलने पर कंपनी और उससे जुड़ी फर्मों को मौके पर ही 3.4 करोड़ रुपये जमा कराने पड़े।

जानकारी के अनुसार कंपनी लंबे समय से टैक्स चोरी के लिए फर्जी खरीद दिखाकर इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का गलत फायदा उठा रही थी। दस्तावेजों में इस तरह दर्शाया जा रहा था कि कंपनी ने खरीद पर टैक्स चुकाया है, जबकि वास्तविकता में लेन-देन संदिग्ध पाया गया। इसी आधार पर टैक्स देनदारी कम दिखाई जा रही थी।

कार्रवाई आयुक्त राज्य कर सोनिका के निर्देश पर की गई। अपर आयुक्त डीएस नबियाल और संयुक्त आयुक्त अजय सिंह के मार्गदर्शन में उपायुक्त सुरेश कुमार के नेतृत्व में सात अलग-अलग टीमों ने एक साथ छापेमारी की। टीमों ने मुख्य फर्म के साथ उसी परिसर में संचालित अन्य संबंधित कंपनियों की भी जांच की।

जांच में सामने आया कि कंपनी अपनी ही सहयोगी फर्मों के साथ फर्जी खरीद-बिक्री के बिल तैयार कर रही थी। इसके अलावा कुछ ऐसी फर्मों के नाम पर भी माल का परिवहन दिखाया गया जो वास्तव में अस्तित्व में ही नहीं हैं।

अधिकारियों के मुताबिक यह पूरा खेल बोगस बिलिंग के जरिए टैक्स चोरी करने के लिए रचा गया था। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने कारोबार से जुड़े बड़ी संख्या में दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डाटा जब्त किए हैं। प्रारंभिक जांच में ही कर चोरी के प्रमाण मिलने पर कंपनी और उसकी सहयोगी फर्मों ने मौके पर 3.4 करोड़ रुपये जमा करा दिए।

उपायुक्त सुरेश कुमार ने बताया कि जब्त किए गए रिकॉर्ड की विस्तृत जांच जारी है और आशंका है कि कर चोरी की राशि और अधिक निकल सकती है। जिसकी वसूली अर्थदंड और ब्याज के साथ की जाएगी। कार्रवाई करने वाली टीम में उपायुक्त सुरेश कुमार, विजय कुमार, टीआर चन्याल, अलीशा बिष्ट, असद अहमद, बीएस जंगपांगी आदि शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button