उत्तराखंड में गहरी खाई में गिरी इनोवा, 03 की मौत, 01 घायल
पर्तवीय क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या बढ़ा रही सिस्टम की चुनौती

Round The Watch Newsपिथौरागढ़ जिले के जौलजीबी-मुनस्यारी मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बंगापानी और मदकोट के बीच उमरगड़ा के पास एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 02 व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति ने अस्पताल में दम तोड़ा। वहीं, एक व्यक्ति जीवन और मौत की जंग लड़ रहा है।
राजस्व उपनिरीक्षक हिमांशु नेगी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब एक इनोवा कार (DL 3CCN 3785) अचानक नियंत्रण खो बैठी और लगभग 15 मीटर गहरी खाई में गिर गई। कार में कुल चार लोग सवार थे और सभी पिथौरागढ़ क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार लच्छू नेगी और अंकित पांडे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, आयुष पंत और देवेंद्र पंत गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को खाई से बाहर निकालकर तुरंत जिला अस्पताल पिथौरागढ़ पहुंचाया गया।
बाद में अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, उपचार के दौरान आयुष पंत ने भी दम तोड़ दिया, जिससे हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई। जबकि देवेंद्र पंत का इलाज जारी है। राजस्व उपनिरीक्षक ने बताया कि दुर्घटनास्थल मुनस्यारी थाना क्षेत्र में आता है और पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



