crimeUttarakhand

किराये की स्कूटी लेकर फरार दिल्ली का शातिर पौड़ी पुलिस के हत्थे चढ़ा, एसएसपी ने रखा था 5 हजार का इनाम

लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को दे रहा था चकमा, दिल्ली में भी दर्ज हैं धोखाधड़ी के मुकदमे

Divij Bahuguna, Uttarakhand: पौड़ी पुलिस ने किराये पर ली गई स्कूटी लेकर फरार हुए दिल्ली निवासी एक शातिर आरोपी को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी की ओर से ₹5,000 का इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस के मुताबिक अभियुक्त लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए खुद को छिपाकर पुलिस को चकमा दे रहा था, लेकिन सतत निगरानी, सटीक रणनीति और सर्विलांस के दम पर पुलिस ने उसे दबोच लिया।

मामला 13 मई 2025 का है, जब स्वर्गाश्रम-रामझूला निवासी विष्णु शाहू ने कोतवाली लक्ष्मणझूला में शिकायत दी कि एक व्यक्ति उनकी स्कूटी संख्या UK-14 TB-0267 किराये पर लेकर गया, लेकिन तय समय बीतने के बाद भी उसे वापस नहीं किया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली लक्ष्मणझूला में मु0अ0सं0-25/2025 के तहत धारा 316(2) बीएनएस में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना को आमजन के साथ धोखाधड़ी का गंभीर मामला मानते हुए एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और क्षेत्राधिकारी श्रीनगर अनुज कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मणझूला सूर्यभूषण नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी दिल्ली का रहने वाला है। इसके बाद टीम ने साक्ष्य जुटाए, आरोपों की पुष्टि की और अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश, सुरागरसी, पतारसी और सर्विलांस का सहारा लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी बेहद शातिर प्रवृत्ति का है और गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपने ठिकाने बदल रहा था।

उसकी इस हरकत को देखते हुए एसएसपी पौड़ी ने उसकी गिरफ्तारी पर ₹5,000 का इनाम घोषित किया था।लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने आखिरकार आरोपी अभिनव सिंह को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी तेजपाल सिंह का पुत्र है और छतरपुर, साउथ दिल्ली का निवासी बताया गया है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पूछताछ में क्या बोला आरोपी
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नशे का आदी है और घुमक्कड़ प्रवृत्ति का है, जिसके चलते वह अलग-अलग जगहों पर घूमता रहता है। आरोपी ने यह भी कबूला कि वह स्कूटी लेकर पंजाब चला गया था। वहां उसकी मुलाकात हितेश नरूला नाम के व्यक्ति से हुई, जिसे उसने स्कूटी बेच दी। हालांकि, आरोपी उस व्यक्ति के बारे में कोई ठोस और स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। पुलिस अब स्कूटी की बरामदगी और बताए गए तथ्यों की पुष्टि के लिए आगे की जांच में जुटी है।

दिल्ली में भी दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ दिल्ली में भी धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। उसका आपराधिक इतिहास इस प्रकार है—मुकदमा अपराध संख्या 8/2026, धारा 318(4), 316(2) BNS, थाना पार्लियामेंट, नई दिल्ली मुकदमा अपराध संख्या 174/2024, धारा 419/420/34 IPC, थाना पार्लियामेंट, नई दिल्ली। पौड़ी पुलिस की इस कार्रवाई को किराये के नाम पर धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। साथ ही यह भी साफ संदेश है कि आमजन के भरोसे के साथ खिलवाड़ करने वालों को कानून से बचने का मौका नहीं मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button