18 साल की छात्रा का पढ़ाई से मन भरा तो भागकर पहुंच गई शिमला, पुलिस ऐसे लाई खोजकर
श्रीनगर में पढ़ रही छात्रा ने घर वापसी पर मानसिक परेशानी का दिया हवाला, पुलिस भी हैरान

Round The Watch News: क्या पढ़ाई से मन इतना उचाट हो सकता है कि कोई दिमाग हल्का करने के लिए अकेले चुपचाप कहीं दूर निकल जाए। श्रीनगर गढ़वाल में पढ़ने वाली 18 साल की एक छात्रा ने ऐसा ही अटपटा कदम उठाया। छात्रा श्रीनगर से सीधे शिमला पहुंच गई। वह भी परिजनों को बिना बताए, जिसके बाद परिजनों को पुलिस में गुमशुदगी दर्ज करानी पड़ गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रुद्रप्रयाग निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली श्रीनगर में तहरीर देकर बताया कि उनकी 18 वर्षीय पुत्री, जो श्रीनगर में रहकर पढ़ाई कर रही थी, 10 मार्च 2026 को बिना बताए कहीं चली गई। जिस पर पुलिस ने तुरंत गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर गुमशुदाओं की शीघ्र बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक अनुज कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्रीनगर ने एक टीम गठित कर छात्रा की तलाश तेज कर दी।
लगातार प्रयासों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने छात्रा को हिमाचल प्रदेश से खोज निकाला। पूछताछ में छात्रा ने बताया कि वह मानसिक रूप से परेशान थी, इसलिए बिना बताए वहां चली गई थी।
बरामदगी के बाद पुलिस ने छात्रा की काउंसलिंग कर उसे सुरक्षित उसके परिजनों के हवाले कर दिया। बेटी के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पौड़ी पुलिस का आभार जताया।
पुलिस की इस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई ने एक बार फिर भरोसा मजबूत किया है कि मुश्किल वक्त में पुलिस हर संभव मदद के लिए तत्पर है। इसी तरह के काम पुलिस के प्रति नागरिकों में भरोसा बढ़ाते हैं।
बरामदगी में शामिल पुलिस टीम
महिला उपनिरीक्षक भावना भट्ट
कांस्टेबल संतराम चौहान
कांस्टेबल हरीश (सीआईयू कोटद्वार)



