Forest And WildlifeUttarakhand

जंगल में घास लेने गई थी महिला, झाड़ियों में छिपे भालू ने अचानक बोला हमला

उत्तराखंड में बढ़ते वन्यजीवों के हमले बढ़ा रहे चिंता, बेबस नजर आ रहा वन विभाग

Rajkumar Dhiman, Dehradun: टिहरी के विकासखंड थौलधार के सुल्याधार क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां जंगल में घास लेने गई एक महिला पर भालू ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल महिला का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है और हालत नाजुक बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत नकोट निवासी लक्ष्मी देवी (26), पत्नी बबलू, गांव की दो अन्य महिलाओं के साथ घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में घास काटने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे एक भालू ने अचानक लक्ष्मी देवी पर हमला कर दिया। हमले से घबराकर साथ गई महिलाएं शोर मचाते हुए गांव की ओर भागीं।

महिलाओं के शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक भालू महिला को बुरी तरह घायल कर चुका था। बताया जा रहा है कि हमले में महिला के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए भालू को भगाया और घायल महिला को स्ट्रेचर के सहारे करीब डेढ़ से दो किलोमीटर पैदल सड़क तक लाया। इसके बाद 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से महिला को जिला अस्पताल बौराड़ी पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत गंभीर है, जिसे देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद एम्स ऋषिकेश रेफर किया जा रहा है। उधर, घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी सक्रिय हो गई है। वन क्षेत्राधिकारी प्रदीप चौहान ने बताया कि शाम करीब 4:30 बजे घटना की सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेज दिया गया है और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। उन्होंने बताया कि घायल महिला को विभाग की ओर से हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी और मुआवजा प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button