पति से हुआ झगड़ा, बिना बताए सीधे पुणे पहुंच गई पौड़ी की महिला
पौड़ी पुलिस ने अथक प्रयास के बाद महिला को खोजा, कर रही थी हाउस क्लीनिंग की नौकरी

Round The Watch News: घर से अचानक लापता हुई एक महिला को पुलिस ने सैकड़ों किलोमीटर दूर महाराष्ट्र के पुणे से सकुशल बरामद कर लिया। तेज कार्रवाई, तकनीकी पड़ताल और टीमवर्क के दम पर पुलिस ने इस मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। महिला पौड़ी की रहने वाली हैं और पांच बच्चों की मां है। पति से झगड़ा होने के बाद वह बिना बताए पुणे चली गई थी। वह वहां पर हाउस क्लीनिंग की नौकरी करने लगी थी।
जानकारी के अनुसार, 19 फरवरी 2026 को पाबो क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली पौड़ी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी बिना बताए घर से कहीं चली गई है और काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लग पा रहा है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी।
जनपद में चलाए जा रहे “ऑपरेशन स्माइल” अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने सभी गुमशुदगी मामलों में तेजी से कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में कोतवाली प्रभारी जयपाल सिंह नेगी के नेतृत्व में पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम बनाई गई।
टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी और फील्ड स्तर पर एक साथ काम शुरू किया। स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने के साथ-साथ संभावित स्थानों की जांच की गई और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए। लगातार प्रयासों के बाद महिला की लोकेशन महाराष्ट्र में ट्रेस हुई।
इसके बाद उपनिरीक्षक मुकेश गैरोला के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत महाराष्ट्र रवाना हुई और पुणे पहुंचकर महिला को सुरक्षित बरामद कर लिया। जांच में सामने आया कि महिला पुणे में एक निजी संस्थान में काम कर रही थी। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद महिला को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया, जिसके बाद परिवार ने राहत की सांस ली।
इस ऑपरेशन में शामिल पुलिस टीम
उपनिरीक्षक मुकेश गैरोला
कांस्टेबल दीपक कुमार
हेड कांस्टेबल हरीश (सीआईयू)
इस सफल कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पौड़ी पुलिस गुमशुदा लोगों को खोजने में पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है।



