Uttarakhandआपदा प्रबंधन

वीडियो: उत्तराखंड में भीषण अग्निकांड, 06 मकान और अन्न के भंडार खाक, 12 परिवारों को भारी नुकसान

देर रात भड़की आग पर तड़के पाया जा सका काबू, नुकसान का जायजा ले रही मशीनरी, राहत कार्य गतिमान

Round The Watch News: उत्तरकाशी में मोरी विकासखंड के दूरस्थ फिताड़ी गांव में सोमवार देर रात भड़की भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी। आग की चपेट में आकर 06 आवासीय मकान और 06 अन्न भंडार पूरी तरह जलकर खाक हो गए। इस हादसे से 12 परिवार प्रभावित हुए हैं, जबकि तीन गायों की जलने से मौत हो गई। गनीमत रही कि इस अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 12:30 बजे गांव के एक मकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते लपटों ने आसपास के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही फायर सर्विस, पुलिस, राजस्व विभाग और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थानीय ग्रामीणों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

आग इतनी विकराल थी कि उस पर पूरी तरह काबू पाने में कई घंटे लग गए। तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच आग पर नियंत्रण पाया जा सका, लेकिन तब तक घरों में रखा राशन, कपड़े और दैनिक उपयोग का सामान पूरी तरह नष्ट हो चुका था। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

बताया जा रहा है कि प्रभावित छह मकानों में से चार बहुमंजिला (करीब पांच मंजिल तक) थे, जिनमें कई परिवार एक साथ निवास करते थे। इस कारण नुकसान का दायरा काफी बड़ा रहा।

अग्निकांड में प्रभावित परिवार
इस हादसे में प्रेम सिंह, कुंदन सिंह, रविंद्र सिंह, उमराल सिंह, तिलक सिंह, नौनियाल सिंह, ताजम देई, दुधकली देवी, वीरेंद्र सिंह, सुविंद्रा, मोहन सिंह और जनक सिंह के परिवार प्रभावित हुए हैं।

प्रशासन अलर्ट, राहत कार्य जारी
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक ने प्रशासन को सतर्क किया। वहीं, कैबिनेट मंत्री के निर्देश पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य मंगलवार सुबह घटनास्थल के लिए रवाना हुए। उन्होंने अधिकारियों को पीड़ितों तक तत्काल राहत सामग्री पहुंचाने और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को खाद्य सामग्री, अस्थायी आश्रय और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button