पुलिस कस्टडी में युवक की मौत, जांच के घेरे में पूरा मामला
पेशेवर जमानती होने के शक पर कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया था हिरासत में

Rajkumar Dhiman, Uttarakhand: हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिस हिरासत में रखे गए एक आरोपी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सीजेएम कोर्ट में जमानत प्रक्रिया के दौरान चार लोगों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। जांच में सामने आया कि ये सभी कथित तौर पर पेशेवर जमानती हैं, जो अलग-अलग मामलों में बार-बार जमानत लेते रहे हैं। कोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
इसी दौरान हिरासत में शामिल हरिद्वार निवासी नरेश की अचानक तबीयत बिगड़ गई। पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शुरुआती तौर पर मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ हो पाएगा।
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है। घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल, यह मामला पुलिस कस्टडी में हुई मौत के चलते कई सवाल खड़े कर रहा है, जिनके जवाब जांच के बाद ही सामने आ पाएंगे।



