crimeUttarakhand

19 साल की हिंदू लड़की का दर्जी ने किया अपहरण, फिर भी पुलिस ने अज्ञात में दर्ज कर दी एफआईआर

दर्जी के पास सिलाई सीखने जाती थी युवती, परिजनों ने उसी पर लगाया है आरोप

Round The Watch News: हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र की अमरावती कॉलोनी से एक 19 वर्षीय युवती के संदिग्ध हालात में लापता होने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। परिजनों ने पड़ोस में दर्जी का काम करने वाले एक व्यक्ति पर अपहरण का आरोप लगाया, लेकिन शुरुआती स्तर पर पुलिस की निष्क्रियता अब सवालों के घेरे में है।

जानकारी के अनुसार, छात्रा 26 फरवरी को स्कूल के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिवार ने बताया कि वह मोहल्ले में सिलाई सीखने के लिए एक दर्जी के पास जाया करती थी, जो घटना के बाद से खुद भी गायब है। पिता ने उसी व्यक्ति पर बेटी को ले जाने का आरोप लगाया है।

परिजनों का आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने कई दिनों तक न तो मामला दर्ज किया और न ही कोई ठोस कार्रवाई की। सोमवार को जब विभिन्न सामाजिक संगठनों ने हस्तक्षेप किया, तब जाकर पुलिस ने केस दर्ज किया, मगर वह भी अज्ञात के खिलाफ। इससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है, क्योंकि तहरीर में आरोपी का नाम स्पष्ट रूप से दिया गया था।

जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि संदिग्ध व्यक्ति बाहरी जनपद का निवासी बताया जा रहा है और उसका पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया था। जिस जगह उसकी दुकान थी, वहां अब दूसरी गतिविधि शुरू हो चुकी है। पुलिस अब मकान मालिक और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

इस पूरे मामले में पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। खासकर तब, जब नामजद आरोप के बावजूद एफआईआर ‘अज्ञात’ में दर्ज की गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया।

वहीं, पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और संदिग्ध की तलाश में टीमें जुटी हैं। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही युवती का पता लगाकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल, इस मामले ने कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली पर एक बार फिर बहस छेड़ दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button