crimeDehradunUttarakhand

रिश्वतखोरी का पर्दाफाश: आंगनबाड़ी सहायिका से 50 हजार लेते सुपरवाइजर राखी रंगे हाथ गिरफ्तार

रुड़की में भ्रष्टाचार पर विजिलेंस देहरादून सेक्टर ने की करारी चोट

Rajkumar Dhiman, Dehradun: भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच एक बार फिर सरकारी सिस्टम पर बड़ा दाग सामने आया है। सतर्कता विभाग की टीम ने रुड़की में महिला सुपरवाइजर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। यह रकम एक आंगनबाड़ी सहायिका से प्रमोशन के नाम पर मांगी जा रही थी।

मामला हरिद्वार जिले के रुड़की ग्रामीण द्वितीय क्षेत्र का है, जहां बाल विकास कार्यालय में तैनात सुपरवाइजर राखी सैनी पर गंभीर आरोप लगे थे। शिकायतकर्ता सपना कश्यप, जो आंगनबाड़ी सहायिका के पद पर कार्यरत हैं, ने आरोप लगाया कि उनसे पदोन्नति के लिए 50 हजार रुपये की मांग की गई।

शिकायत मिलने के बाद सतर्कता सैक्टर देहरादून की ट्रैप टीम ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत जैसे ही आरोपी सुपरवाइजर ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने मौके पर ही उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया।

सतर्कता विभाग ने आरोपी के खिलाफ थाना सतर्कता सैक्टर देहरादून में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

इस गिरफ्तारी ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आम लोगों से जुड़े विभागों में भ्रष्टाचार किस स्तर तक फैला हुआ है। खासकर महिला एवं बाल विकास जैसे संवेदनशील विभाग में इस तरह की घटनाएं व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं।

फिलहाल, सतर्कता विभाग की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, लेकिन साथ ही यह भी साफ है कि सिस्टम में अब भी सुधार की जरूरत बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button