पौड़ी-रामनगर हाईवे पर टला बड़ा हादसा, खाई की ओर लटका ओवरलोड डंपर, घंटेभर लगा जाम
क्रश बैरियर ने थामे रखा डंपर, बची ड्राइवर और हेल्पर की जान

Round The Watch News: सल्ट क्षेत्र में रामनगर-पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। निर्माण सामग्री से लदा एक ओवरलोड डंपर मर्चूला के पास क्रोकोडाइल व्यू प्वाइंट क्षेत्र में असंतुलित होकर खाई की ओर झुक गया। गनीमत रही कि सड़क किनारे लगे क्रैश बैरियर ने डंपर को थाम लिया, जिससे उसमें सवार चालक और हेल्पर की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, डंपर (यूके 04 सीबी 8913) रामनगर से पहाड़ी क्षेत्र की ओर निर्माण सामग्री लेकर जा रहा था। इसी दौरान क्रोकोडाइल व्यू प्वाइंट के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन से बचने की कोशिश में चालक का संतुलन बिगड़ गया। इससे डंपर का अगला बायां पहिया सड़क से बाहर निकल गया और वाहन खाई की ओर झुककर खतरनाक स्थिति में लटक गया।
घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा, जिससे पहाड़ और मैदान के बीच आवाजाही प्रभावित हुई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। लोडर मशीन की मदद से डंपर को सुरक्षित खींचकर सड़क पर लाया गया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।
गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में कुछ दिन पहले भी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के खाई में गिरने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। लगातार हो रही घटनाओं के चलते यह हाईवे एक बार फिर सुरक्षा को लेकर सवालों के घेरे में आ गया है।



