crimeEducationUttarakhand

कोटद्वार में छात्रों को बेच रहे चरस, आर्थिक तंगी दूर करने को चरस के धंधे में उतरे दो व्यक्ति गिरफ्तार

पौड़ी पुलिस का नशा तस्करों पर प्रहार करते हुए 2.930 किलो चरस पकड़ी, पूछताछ में खुला छात्रों को चरस सप्लाई का खेल

Round The Watch News, Garhwal: नशे में धंधेबाज कोटद्वार में छात्रों को चरस की सप्लाई कर रहे हैं। पौड़ी गढ़वाल पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को भारी मात्रा में अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के सख्त निर्देशों के क्रम में की गई, जिनके नेतृत्व में जिलेभर में नशे के कारोबार पर लगाम कसने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आरोपियों से पूछताछ में छात्रों को चरस सप्लाई और इसके नेटवर्क का पता चला।

एसएसपी द्वारा सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि नशा तस्करी की सप्लाई चेन को जड़ से खत्म किया जाए और इसमें शामिल हर व्यक्ति के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसी के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर एवं क्षेत्राधिकारी कोटद्वार निहारिका सेमवाल के निर्देशन में कोतवाली कोटद्वार पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने बेल रोड के पास दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दलजीत सिंह बिष्ट और विजय सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 2 किलो 930 ग्राम अवैध चरस बरामद की, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है। बरामदगी के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली कोटद्वार में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है और उन्हें न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि आर्थिक तंगी और खुद नशे की लत के चलते वे इस अवैध कारोबार में शामिल हुए। उन्होंने बताया कि वे बागेश्वर निवासी एक व्यक्ति से चरस लाकर कोटद्वार क्षेत्र में छात्रों और वाहन चालकों को बेचते थे, जिससे उन्हें अच्छा मुनाफा होता था। गिरफ्तार आरोपी दलजीत सिंह बिष्ट का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। वह पहले भी वर्ष 2020 में बागेश्वर से 1 किलो 100 ग्राम चरस के साथ पकड़ा गया था, जिसमें उसे वर्ष 2023 में 10 साल की सजा सुनाई गई थी। वर्तमान में वह उच्च न्यायालय से जमानत पर बाहर चल रहा था। इसके अलावा वर्ष 2025 में भी वह कोटद्वार क्षेत्र से 676 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। बावजूद इसके, उसने दोबारा तस्करी शुरू कर दी।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
दलजीत सिंह बिष्ट (48 वर्ष), पुत्र शंभू सिंह बिष्ट, निवासी मानपुर चौक, कोटद्वार, जिसके पास से 1 किलो 800 ग्राम चरस बरामद हुई। वहीं, विजय सिंह (52 वर्ष), पुत्र बलवंत सिंह, निवासी गली नंबर-4 मानपुर, कोटद्वार, जिसके पास से 1 किलो 130 ग्राम चरस बरामद की गई। इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में सीआईयू प्रभारी रंजीत तोमर, उपनिरीक्षक सुशील (सीआईयू), उपनिरीक्षक विनोद चपराना, मुख्य आरक्षी शशिकांत त्यागी, आरक्षी आशीष बिष्ट और आरक्षी हरीश (सीआईयू) शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button