हरिद्वार में तीन ‘पत्रकारों’ पर मुकदमा, गैस एजेंसी से 02 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप
गैस डिलीवरी करने वाले व्यक्ति को गैस का वजन करवाने का दबाव बनाते हुए रोका और फिर मांगी रंगदारी

Round The Watch News: हरिद्वार जनपद के कनखल थाना क्षेत्र में गैस सिलेंडर डिलीवरी के दौरान एक युवक से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तीन आरोपियों (कथित पत्रकार) के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों में एक महिला भी शामिल है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, धनपुरा, पथरी निवासी अमृत कुमार (35) पुष्पक गैस सर्विस में डिलीवरी का कार्य करता है। 27 मार्च 2026 को वह आर्यनगर क्षेत्र के संतोष विहार में गैस सिलेंडर देने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में तीन लोगों ने उसकी बाइक रोक ली।
आरोप है कि इनमें एक महिला भी शामिल थी। आरोपियों ने पहले बाइक की चाबी निकाल ली और फिर अमृत कुमार से गैस सिलेंडर का वजन कराने की बात कही। जब पीड़ित ने उनसे परिचय पूछा तो आरोपियों ने खुद को पत्रकार बताते हुए उसे धमकाना शुरू कर दिया।
ऑफिस तक पीछा कर मांगी रंगदारी
एफआईआर के अनुसार, घटना के बाद पीड़ित अपने कार्यालय पहुंच गया, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गए। यहां आरोपियों ने उससे दो लाख रुपये की डिमांड की।
पीड़ित ने पैसे देने से इनकार कर दिया और इसकी सूचना अपने ऑफिस में दे दी। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
इन आरोपियों पर मुकदमा
पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को नामजद किया है, जिनमें देवम मेहता, अर्चना डिगरा और विश्वास सैनी शामिल हैं। तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 308(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच अधिकारी के रूप में उपनिरीक्षक महिपाल सिंह को नियुक्त किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की भूमिका और घटना की पूरी सच्चाई की जांच की जा रही है।



