Uttarakhandआपदा प्रबंधन

नैनीताल में तेज रफ्तार बस पलटी, 01 यात्री की मौत और 08 गंभीर घायल

चालक के नियंत्रण खोते हुए हुआ हादसा, कुमाऊं मोटर्स ओनर्स यूनियन की है बस

Round The Watch News: नैनीताल जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां हल्द्वानी से डीडीहाट जा रही कुमाऊं मोटर्स ओनर्स यूनियन (केमू) की बस ज्योलीकोट–भवाली मार्ग पर खुपी के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।

कुल 16 लोग थे सवार, चालक खो बैठा नियंत्रण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस (संख्या UK-04 PA-1112) सुबह करीब 7:30 बजे हल्द्वानी से पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट के लिए रवाना हुई थी। भूमियाधार क्षेत्र के खुपी के पास अचानक बस चालक नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क पर ही पलट गई। हादसे के समय बस में चालक, परिचालक समेत कुल 16 लोग सवार थे।

चीख-पुकार के बीच शुरू हुआ रेस्क्यू
बस पलटते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर चीख-पुकार गूंज उठी। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही ज्योलीकोट चौकी प्रभारी श्याम सिंह बोरा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। इसके बाद तल्लीताल थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।

घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती
हादसे में गंभीर रूप से घायल 6 लोगों को हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया, जबकि 2 अन्य घायलों को भवाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। बस चालक और परिचालक को भी उपचार के लिए हल्द्वानी भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, हादसे में लगभग 44 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हुई है। उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बस तेज गति में थी, जिसके चलते चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और बस पलट गई। हादसे के दौरान बस ने एक मैक्स वाहन को भी हल्की टक्कर मारी।पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button