वन कर्मी को घूस लेते रंगे हाथ दबोचा, लीसा ढुलान पंजीकरण के नाम पर मांगे 25500 रुपये
विजिलेंस की हल्द्वानी सेक्टर की टीम ने की कार्रवाई, लीसा गडान-ढुलान पंजीकरण से जुड़ा है मामला

Round The Watch News: भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सतर्कता अधिष्ठान ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग के एक कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। हल्द्वानी सेक्टर की टीम ने सुनियोजित ट्रैप के जरिए आरोपी को उस समय दबोचा, जब वह तय रकम ले रहा था। इस कार्रवाई के बाद पूरे रेंज कार्यालय में हड़कंप की स्थिति पैदा हो गई।
ऐसे हुआ खुलासा
मामला सतर्कता अधिष्ठान, हल्द्वानी सेक्टर में दर्ज एक शिकायत से सामने आया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय जागेश्वर में तैनात कर्मचारी नवीन नौटियाल उससे लीसा गडान-ढुलान कार्य के पंजीकरण के नवीनीकरण और लंबित भुगतान कराने के नाम पर 25,500 रुपये की मांग कर रहा है।
टीम ने बिछाया जाल
शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर सतर्कता टीम ने योजना बनाकर ट्रैप तैयार किया। तय रणनीति के तहत जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
केस दर्ज, जांच जारी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है और इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता भी खंगाली जाएगी। इस कार्रवाई को सरकारी दफ्तरों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार माना जा रहा है। सतर्कता अधिष्ठान ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो तुरंत इसकी सूचना दें, ताकि ऐसे मामलों में समय रहते सख्त कार्रवाई हो सके।



