चौकी इंचार्ज और उप आबकारी निरीक्षक सस्पेंड, गोलीकांड में ब्रिगेडियर की मौत पर सीएम धामी सख्त
राजपुर रोड से सटे जोहड़ी क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी बने थे गोलीकांड का शिकार

Rajkumar Dhiman, Dehradun: राजधानी दून पूरी रात बार मे शराब पीने और फिर सुबह दो पक्षों के बीच सरेआम गोलीकांड में रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत पर सीएम धामी ने सख्त रुख अपनाया है। सीएम धामी के रुख के बाद देहरादून जनपद में तैनात क्षेत्र-3 मसूरी के उप आबकारी निरीक्षक सोबन सिंह तथा कुठालगेट चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसे सरकार द्वारा लापरवाही के प्रति अपनाई जा रही जीरो टॉलरेंस नीति का संकेत माना जा रहा है।
सीएम धामी ने पुलिस महानिदेशक को निर्देश दिए हैं कि प्रदेशभर में तत्काल विशेष अभियान चलाकर आपराधिक और हुड़दंग करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने विशेष रूप से रोड रेज, फायरिंग और देर रात संचालित अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सघन चेकिंग अभियान तेज करने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि ड्यूटी में ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को किसी भी स्तर पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसी घटनाओं पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाते रहेंगे।
मुख्य सचिव ने भी दिए कड़े निर्देश
इधर, मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने सचिवालय में गृह और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर की कानून व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में रोड रेज और हुड़दंग की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए निगरानी बढ़ाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने देहरादून शहर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पीक ऑवर, रात और सुबह के समय पेट्रोलिंग को और मजबूत किया जाए, ताकि संवेदनशील क्षेत्रों में त्वरित निगरानी बनी रहे।
बार, रेस्टोरेंट और होम स्टे पर भी सख्ती
बैठक में बार और रेस्टोरेंट के निर्धारित बंद होने के समय का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। सप्ताहांत में राजधानी को हुड़दंग और अव्यवस्था का केंद्र न बनने देने के लिए विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही अवैध बार संचालन और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर कठोर कार्रवाई करने को कहा गया है। मुख्य सचिव ने शहर के आसपास संचालित होम स्टे की मैपिंग और निगरानी बढ़ाने पर भी जोर दिया, ताकि पर्यटन के नाम पर किसी प्रकार की अवैध गतिविधि न चल सके।
साथ ही किरायेदारों और पीजी में रहने वाले लोगों के सघन सत्यापन अभियान को भी तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
क्या थी गोलीकांड की घटना और उसके क्रम में अब तक कार्रवाई
देहरादून के राजपुर क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक के दौरान बुजुर्ग की गोली लगने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए स्पष्ट किया है कि यह घटना ZEN-Z बार के कर्मचारियों (रोहित कुमार, मौ. अखलाक) और आदित्य चौधरी व उसके साथियों (शान्तनु त्यागी, कविश त्यागी, समीर चौधरी, वैभव आदि) के बीच हुए विवाद का परिणाम थी। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
बार में बिल को लेकर हुआ था झगड़ा
पुलिस जांच में सामने आया कि 29 मार्च की रात कुठालगेट स्थित ZEN-Z बार में आदित्य चौधरी और उसके साथियों का बार कर्मचारी रोहित कुमार, मौ. अखलाक और उनके साथी मोहित अग्रवाल से बिल कम कराने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान बार कर्मियों ने आदित्य चौधरी की स्कॉर्पियो गाड़ी का शीशा तोड़ दिया था।
अगली सुबह बदले की नीयत से पीछा और फायरिंग
अगले दिन सुबह जब बार कर्मचारी फॉर्च्यूनर कार से जा रहे थे, तभी आदित्य चौधरी और उसके साथियों ने उन्हें देख लिया और स्कॉर्पियो से पीछा किया। वाहन रोकने के प्रयास में दोनों पक्षों के बीच फायरिंग शुरू हो गई। इसी दौरान मॉर्निंग वॉक कर रहे 74 वर्षीय मुकेश कुमार जोशी को गोली लग गई, जिनकी अस्पताल में मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद मारपीट
फायरिंग के दौरान फॉर्च्यूनर वाहन पेड़ से टकरा गया, जिसके बाद स्कॉर्पियो सवार युवकों ने कार में बैठे लोगों के साथ मारपीट कर वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया और मौके से फरार हो गए।
रोड रेज की कहानी निकली झूठी
आरोपियों ने शुरुआत में इसे रोड रेज बताने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सख्त पूछताछ और सीसीटीवी जांच में यह स्पष्ट हो गया कि घटना की जड़ बार में हुआ पुराना विवाद था।
हथियार बरामद, बार सील
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 2 तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। साथ ही ZEN-Z बार को सील कर उसका लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बार संचालक संदीप कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है।
स्कार्पियो बरामद, अन्य आरोपी फरार
घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन डोईवाला क्षेत्र से बरामद किया गया है। मुख्य आरोपी आदित्य चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके अन्य साथी फरार हैं।
गिरफ्तार आरोपी
रोहित कुमार
मौ. अखलाक उर्फ साबिर
संदीप कुमार (बार संचालक)
आदित्य चौधरी
वांछित आरोपी
शान्तनु त्यागी
कविश त्यागी
समीर चौधरी
वैभव
बरामदगी
02 तमंचे (315 बोर)
04 जिंदा कारतूस
02 खोखा कारतूस
बिना नंबर प्लेट स्कॉर्पियो



