ब्रिगेडियर जोशी मौत प्रकरण में तीन और गिरफ़्तार, कुल सात पहुंचे जेल
दो पक्षों के बीच चलती कार में हुई फायरिंग की चपेट में आने से हुई थी रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत

Round The Watch, Desk: पुलिस ने ब्रिगेडियर जोशी मौत प्रकरण में तीन और लोग गिरफ्तार किए हैं। दो दिन पहले थाना क्षेत्र के जोहड़ी गांव में हुई फायरिंग की घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया। बार में मामूली विवाद के बाद शुरू हुआ यह टकराव एक निर्दोष बुजुर्ग की जान ले गया। पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
घटना 30 मार्च 2026 की सुबह की है, जब मालसी की ओर से आ रही स्कॉर्पियो-एन और दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर कार में सवार दो पक्षों के बीच पीछा करते हुए फायरिंग शुरू हो गई। इसी दौरान सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रहे 74 वर्षीय मुकेश कुमार जोशी को गोली लग गई। उन्हें तुरंत मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
मृतक के परिजनों की तहरीर पर राजपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि घटना की जड़ 29 मार्च की रात कुठालगेट स्थित ZEN-Z बार में हुए विवाद से जुड़ी है। बार में बिल कम करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी, जो अगले दिन खूनी संघर्ष में बदल गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई टीमें गठित की गईं। पुलिस ने पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जिनके पास से दो देशी तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए थे।
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने अब तीन और आरोपियों—आदेश गिरी, समीर चौधरी और मोहित अरोड़ा—को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।



