हत्यारे और डकैत को टिहरी और दून पुलिस ने घेरकर पकड़ा
बिहार के कल्लू गैंग का शातिर अपराधी है गिरफ्तार किया गया राजा साहनी

Rajkumar Dhiman, Dehradun: उड़ीसा में डकैती, हत्या और जेल से फरारी के गंभीर मामलों में वांछित एक लाख रुपये के इनामी अपराधी को ऋषिकेश पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में घेरकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उड़ीसा पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
सीओ ऋषिकेश नीरज सेमवाल के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजा साहनी पुत्र महेश साहनी, निवासी लोदिया नगर, थाना मीरगंज, जिला बेगूसराय (बिहार) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ उड़ीसा के कटक जिले के चौदवार थाना क्षेत्र में डकैती और हत्या का मुकदमा दर्ज है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी को पहले इन मामलों में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार कटक भेजा गया था। आरोप है कि 2 अक्टूबर 2025 को वह जेल तोड़कर फरार हो गया था। इसके बाद उड़ीसा पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
बुधवार को उड़ीसा पुलिस को तकनीकी निगरानी के दौरान उसकी लोकेशन ऋषिकेश क्षेत्र में मिली। इनपुट मिलते ही स्थानीय पुलिस को अलर्ट किया गया। सीओ ऋषिकेश नीरज सेमवाल के निर्देशन में इंस्पेक्टर कैलाश चंद्र भट्ट के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी त्रिवेणी घाट क्षेत्र में एक कार में देखा गया है। इसके बाद ऋषिकेश और मुनिकीरेती पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी शुरू की। आरोपी टिहरी सीमा की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहा था, लेकिन दोनों थाना क्षेत्रों की पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सुमन पार्क के पास उसे दबोच लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी बेहद शातिर माना जाता है और जेल से फरार होने के बाद लगातार ठिकाने बदल रहा था। उसकी गिरफ्तारी को उड़ीसा पुलिस के लिए बड़ी सफलता माना जा रहा है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कानूनी औपचारिकताओं के बाद उड़ीसा पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ लेकर जाएगी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के आपराधिक इतिहास और फरारी के दौरान उसके संपर्कों की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसे किन लोगों ने शरण या मदद दी।



