पिता ने 13 साल की बेटी से किया दुष्कर्म, सौतेली मां ने दर्ज कराया मुकदमा
रामनगर में सामने आई रिश्तों को कलंकित करने वाली घटना, आरोपी पिता गिरफ्तार

Round The Watch News: उत्तराखंड के रामनगर में रिश्तों को शर्मसार और कलंकित करने वाला गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक पिता ने अपनी 13 वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म कर डाला। पिता की करतूत से डर और सदमे में घिरी बच्ची ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर अपनी सौतेली मां को पूरी आपबीती बताई। रात किसी तरह मां जहर का घूंट पी गई और सुबह होते ही बेटी को न्याय दिलाने निकल पड़ी।
सौतेली मां बेटी को लेकर रामनगर कोतवाली पहुंची और पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी, लेकिन आरोपी शिकायत की भनक लगते ही घर से फरार हो गया।
करीब एक सप्ताह तक चली तलाश और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे रामनगर न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, सौतेली मां ने शिकायत में बताया कि उसका पति अक्सर नशे की हालत में घर आता था और बेटी के साथ जबरन गलत काम करता था। बच्ची लंबे समय तक डर के कारण यह बात किसी को नहीं बता पाई। बाद में उसने हिम्मत कर अपनी सौतेली मां को पूरी घटना बताई। बच्ची की बात सुनकर महिला स्तब्ध रह गई और उसने तत्काल पुलिस से शिकायत करने का फैसला किया।
घटना सामने आने के बाद महिला अपनी बेटी को लेकर अगले ही दिन रामनगर थाने पहुंची और लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने बिना देरी किए एफआईआर दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। पीड़िता आरोपी की पहली पत्नी से जन्मी संतान है, जिसकी देखभाल उसकी सौतेली मां कर रही थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी को इस बात की जानकारी मिल गई थी कि उसकी पत्नी और बेटी थाने पहुंच चुकी हैं। इसी कारण वह पहले ही घर से फरार हो गया। जब पुलिस जांच के लिए उसके घर पहुंची तो वह वहां नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी।
आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने शहर में कई स्थानों पर नाकेबंदी की और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। लगातार एक सप्ताह की तलाश के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही और उसे गिरफ्तार कर लिया।
रामनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(एफ), 115(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5(एन) और 6 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़ित किशोरी के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया जा रहा है।



