हरियाणा पुलिस चमोली से बुजुर्ग को उठा ले गई, हिरासत में हो गई मौत
हिरासत में बुजुर्ग की मौत से हड़कंप, परिजनों ने लगाया टॉर्चर का आरोप

Round The Watch News: उत्तराखंड के चमोली जिले से एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां जोशीमठ क्षेत्र के एक बुजुर्ग की हिरासत के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में भारी नाराजगी है और उन्होंने हरियाणा पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 65 वर्षीय बलवंत सिंह के रूप में हुई है, जो जोशीमठ के मोलटा गांव के निवासी थे। परिवार के सदस्यों का कहना है कि रविवार सुबह कुछ लोग सादे कपड़ों में उनके घर पहुंचे और खुद को हरियाणा पुलिस टीम बताते हुए बलवंत सिंह को अपने साथ ले गए। आरोप है कि इस दौरान घर की तलाशी ली गई और मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिया गया।
परिजनों के मुताबिक, कुछ समय बाद उन्हें फोन पर सूचना मिली कि बलवंत सिंह की तबीयत बिगड़ रही है और दवाइयों के बारे में जानकारी मांगी गई। जब तक परिवार के लोग कर्णप्रयाग पहुंचे, उन्हें श्रीनगर के बेस अस्पताल रेफर किया जा चुका था। वहां पहुंचने पर उन्हें बुजुर्ग की मौत की जानकारी दी गई।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि सुबह तक पूरी तरह स्वस्थ रहे बलवंत सिंह के साथ रास्ते में मारपीट या प्रताड़ना की गई, जिसके चलते उनकी जान गई। उनका कहना है कि संबंधित पुलिस अधिकारी अब संपर्क में नहीं हैं और मामले में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है। परिजनों ने यह भी साफ कर दिया है कि जब तक आरोपित पुलिसकर्मी सामने नहीं आते, वे शव को नहीं ले जाएंगे।
वहीं स्थानीय पुलिस का कहना है कि बलवंत सिंह के खिलाफ हरियाणा पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही थी। गिरफ्तारी के बाद रास्ते में उनकी तबीयत बिगड़ने पर पहले कर्णप्रयाग अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें श्रीनगर स्थित बेस अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
सूत्रों के अनुसार, हरियाणा के रोहतक से आई पुलिस टीम एक अन्य आरोपी के साथ आई थी और स्थानीय पुलिस को सूचना देने के बाद वापस लौट गई। फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल है और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।



