
Rajkumar Dhiman, Dehradun: टशन में रहने वाले लोग और खुद को फन्ने खां समझने वाले युवा सावधान हो जाएं। जिस हालत में बार, पब या होटल में मस्ती के लिए जा रहे हैं, बाहर भी होश की उसी अवस्था मे आएं। क्योंकि, अब पुलिस की सीधी नजर देहरादून के 50 प्रमुख प्रतिष्ठानों पर है। पुलिस ने इनकी एंट्री और एग्जिट के सीसीटीवी कैमरों के एक्सेस संचालकों से प्राप्त कर लिया है।
दरअसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून की पहल पर अब तक 50 प्रमुख प्रतिष्ठानों ने अपने सीसीटीवी कैमरों का एक्सेस पुलिस को सौंप दिया है, जिससे कंट्रोल रूम के जरिए 24×7 निगरानी संभव हो गई है। पुलिस ने इसके लिए एक विशेष टेक्निकल टीम गठित की है, जो लगातार होटल, पब और बार संचालकों से संपर्क कर उनके सीसीटीवी सिस्टम को पुलिस नेटवर्क से जोड़ रही है। अब किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घटना की स्थिति में पुलिस तुरंत फुटेज देख सकेगी और कार्रवाई में देरी नहीं होगी।
अपराध पर लगेगा ब्रेक
इस पहल का सीधा मकसद है आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखना और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करना। संवेदनशील इलाकों में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने की दिशा में यह कदम कारगर साबित होता दिख रहा है। पुलिस का मानना है कि इस रियल-टाइम मॉनिटरिंग से अपराधियों पर मनोवैज्ञानिक दबाव भी बनेगा और घटनाओं में कमी आएगी।
कारोबारियों का भी मिला साथ, बन गई बात
देहरादून के होटल, पब और बार संचालकों ने भी इस अभियान को सकारात्मक कदम बताते हुए पूरा सहयोग देने का भरोसा दिया है। बाकी बचे प्रतिष्ठानों को भी जल्द इस निगरानी नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है।
सुरक्षा और जवाबदेही दोनों मजबूत
‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत उठाया गया यह कदम सिर्फ निगरानी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शहर में सुरक्षा और जवाबदेही दोनों को नई मजबूती देने वाला मॉडल बनता जा रहा है। साफ है कि अब देहरादून में न सिर्फ पुलिस की गश्त, बल्कि कैमरों की नजर भी हर गतिविधि पर होगी।



