crimeDehradunUttarakhand

महिला अफसर दहेज प्रताड़ना और घरेलू उत्पीड़न से टूटी, आरबीआई में तैनात पति गिरफ्तार

उरेडा में प्रोजेक्ट मैनेजर राजेश्वरी की आत्महत्या के बाद पुलिस ने कार्रवाई और जांच की तेज

Rajkumar Dhiman, Dehradun: उरेडा में प्रोजेक्ट मैनेजर के पद पर कार्यरत महिला अफसर राजेश्वरी की संदिग्ध मौत/आत्महत्या के मामले में वसंत विहार थाना पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि लंबे समय से चल रहे मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न का परिणाम बताया है। पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका पौड़ी में तैनात थी।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पीयूष सिंह, निवासी आशीर्वाद एन्क्लेव, वसंत विहार, आरबीआई में लिपिक पद पर कार्यरत है। मृतका राजेश्वरी की बड़ी बहन ने तहरीर में बताया कि उसकी शादी 7 दिसंबर 2022 को पीयूष से हुई थी। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष ने राजेश्वरी को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। पति, सास, जेठ और जेठानी छोटी-छोटी घरेलू बातों को लेकर उसे लगातार ताने देते और मानसिक दबाव बनाते थे।

परिजनों का आरोप है कि पति अक्सर उसके साथ मारपीट करता था और बार-बार तलाक की धमकी देकर डराता था। शिकायत में यह भी कहा गया है कि शादी के गहने, शैक्षणिक दस्तावेज और अन्य कीमती सामान ससुराल वालों ने अपने कब्जे में रखे थे। जब भी राजेश्वरी ने अपने गहनों की मांग की, उसे कथित रूप से कहा जाता था कि पहले तलाक दो, तभी सामान वापस मिलेगा।

मायके पक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि राजेश्वरी की छोटी बेटी को लेकर भी उस पर दबाव बनाया जाता था। बच्ची को नुकसान पहुंचाने की धमकी दिए जाने के कारण वह डरी-सहमी रहती थी। इसी वजह से वह अपनी बेटी को मायके में छोड़कर पौड़ी में नौकरी कर रही थी और अवकाश मिलने पर घर आकर उससे मिलती थी।

परिजनों के मुताबिक पारिवारिक विवाद के चलते राजेश्वरी कुछ समय से मायके में रह रही थी, लेकिन हाल ही में ससुराल पक्ष उसे वापस अपने साथ ले गया। परिवार ने उसे भेजने से इनकार किया था, मगर उसने भरोसा दिलाया था कि दोबारा प्रताड़ना होने पर वह बच्चों के साथ लौट आएगी।

आरोप है कि 4 अप्रैल की रात उसके साथ फिर मारपीट की गई और घर से निकालने की धमकी दी गई। इसके अगले दिन, 5 अप्रैल की सुबह, पति ने फोन कर सूचना दी कि राजेश्वरी ने फांसी लगाकर जान दे दी है। इसके बाद मायके पक्ष ने इसे सुनियोजित साजिश बताते हुए पति समेत पांच लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2) के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने और उत्पीड़न का मामला दर्ज किया है। सीओ सिटी स्वप्निल मुयाल ने बताया कि मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य नामजद लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button