तीरंदाजी कोच ने नामी स्कूल की 14 साल की छात्रा का किया रेप, 06 माह तक बनाता रहा हवश का शिकार
हरिद्वार में सामने आई गुरु शिष्य के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने की घटना

Round The Watch News: हरिद्वार में तीरंदाजी कोच पर 14 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता एक नामी स्कूल की छात्रा है। आरोप है कि डरा-धमकाकर कोच ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया और किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। बताया जा रहा है कि आरोपी कोच हरियाणा से तीरंदाजी सिखाने आया था और करीब 6 महीने तक छात्रा को अपना शिकार बनाता रहा।
पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के बयान दर्ज कराए गए हैं और उसका मेडिकल भी कराया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कनखल क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित स्कूल में बच्चों को तीरंदाजी का प्रशिक्षण दिया जाता है। इसी स्कूल में क्षेत्र की एक 14 वर्षीय छात्रा कोच से तीरंदाजी सीख रही थी। आरोप है कि अक्टूबर 2025 में आरोपी कोच ने छात्रा को अकेला पाकर डराया-धमकाया और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद आरोपी ने छात्रा को किसी को भी कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी। कोच के खौफ और धमकियों के चलते मासूम छात्रा सहम गई और कई महीनों तक इस जुल्म को सहती रही। डर के कारण वह अपने परिजनों को भी कुछ नहीं बता सकी। वह निरंतर शिकार बनती रही।
हाल ही में छात्रा ने हिम्मत जुटाकर अपने साथ हुई घटना की जानकारी परिवार को दी। बेटी की बात सुनकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। इसके बाद पीड़िता के पिता ने तत्काल कनखल थाने पहुंचकर आरोपी कोच के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई।
कनखल थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि शिकायत मिलते ही आरोपी कोच के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज करने के साथ ही उसका मेडिकल परीक्षण भी कराया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है।
पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी कोच ने स्कूल में प्रशिक्षण लेने वाली अन्य छात्राओं के साथ भी ऐसी शर्मनाक हरकत की है। फिलहाल पुलिस आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने की बात कही जा रही है।



