दो किशोरों ने बाथरूम गई नौ वर्षीय बालिका से कर डाला दुष्कर्म, मुकदमा दर्ज
रुद्रपुर में सामने आई शर्मनाक घटना, क्या अब घर में भी सुरक्षित नहीं बेटियां?

Round The Watch News: रुद्रपुर क्षेत्र में नौ वर्षीय बालिका के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन तुरंत कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, दंपती किराये के मकान में रहते हैं। उनकी 09 वर्षीय बेटी बुधवार रात करीब 11 बजे बाथरूम गई थी। आरोप है कि उसी मकान में किराये पर रहने वाले एक किशोर ने अपने एक साथी के साथ बच्ची को पकड़ लिया और कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
कुछ देर बाद जब बच्ची घर लौटी तो उसकी हालत देखकर परिजनों को शक हुआ। पूछताछ करने पर उसने पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद स्वजन तुरंत पुलिस के पास पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट और जांच के आधार पर आरोपी किशोरों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसआई केसी आर्या ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



