
Rajkumar Dhiman, Dehradun: देहरादून के डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून में शनिवार को छात्र संघ समारोह के दौरान उस समय अफरातफरी मच गई, जब सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच एक छात्र पर अचानक चाकू से हमला कर दिया गया। उत्सव का माहौल कुछ ही पलों में दहशत में बदल गया और पंडाल में मौजूद छात्र-छात्राओं के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना दोपहर करीब 12:30 बजे की है। कॉलेज परिसर में छात्र संघ समारोह के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था। मंच के सामने बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं हरियाणवी गायक Masoom Sharma के गीतों पर नृत्य कर रहे थे। इसी दौरान काली शर्ट पहने एक युवक अचानक भीड़ के बीच घुसा और डांस कर रहे एक छात्र पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
हमले में छात्र गौरव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके दाहिने हाथ पर चार गहरे घाव बताए जा रहे हैं। घटना के तुरंत बाद कार्यक्रम स्थल पर चीख-पुकार मच गई और कई छात्र-छात्राएं कार्यक्रम छोड़कर बाहर की ओर भागने लगे।
घायल गौरव कुमार ने बताया कि वह मंच के सामने गाने पर डांस कर रहा था, तभी एक अज्ञात छात्र अचानक आया और उस पर हमला कर दिया। गौरव मूल रूप से गजरौला, उत्तर प्रदेश का निवासी है और वर्तमान में देहरादून में एक पीजी में रहकर पढ़ाई कर रहा है। वह डीएवी इंटर कॉलेज में 12वीं का छात्र बताया गया है।
घटना के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया। घायल छात्र को तत्काल दून अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावर की तलाश शुरू कर दी है। कॉलेज परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इस बीच मंच पर प्रस्तुति दे रहे अजय हुड्डा ने हालात बिगड़ते देख कार्यक्रम बीच में ही रोक दिया और वहां से रवाना हो गए। बाद में पुलिस के व्यवस्था संभालने पर उन्होंने फिर मंच संभाला और तनावपूर्ण माहौल में रंग भरा
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर हमलावर की पहचान में जुटी है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमला किसी पुरानी रंजिश का परिणाम था या अचानक हुए विवाद का नतीजा।



