crimeUttarakhandराजनीति

पौड़ी में बीडीओ को कमरे में बंद कर धमकाया, ज्येष्ठ उप प्रमुख पर लगे गंभीर आरोप

बीडीओ ने श्रीनगर थाने में दी तहरीर, प्रादेशिक विकास सेवा संगठन ने मोर्चा खोला

Rajkumar Dhiman, Uttarakhand: पौड़ी गढ़वाल के खिर्सू ब्लॉक से प्रशासनिक गलियारों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। खंड विकास अधिकारी (BDO) ने ज्येष्ठ उप प्रमुख पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाना श्रीनगर में शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया है। आरोप है कि शासकीय फाइल के भुगतान को लेकर उन पर अनुचित और अवैध दबाव बनाया गया, विरोध करने पर उन्हें कमरे में बंद कर धमकाया गया और गंभीर शारीरिक क्षति पहुंचाने की चेतावनी दी गई।

मामले के अनुसार, 7 अप्रैल 2026 को खंड विकास अधिकारी अमित बिजल्वाण और कार्यालय के सहायक लेखाकार को ब्लॉक प्रमुख कार्यालय में बुलाया गया। यहां ज्येष्ठ उप प्रमुख नितिन रावत ने एक बेंच कार्य से संबंधित फाइल के भुगतान को लेकर दबाव बनाया। BDO का कहना है कि उक्त फाइल को उन्होंने नियमानुसार संसोधित किया था और भुगतान केवल शासनादेशों व नियमों के अनुरूप ही किया जा सकता था।

शिकायत पत्र में कहा गया है कि जब उन्होंने नियमों से हटकर भुगतान करने से साफ इंकार कर दिया, तो माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि ज्येष्ठ उप प्रमुख ने पहले उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और फिर उनके साथ आए सहायक लेखाकार को कमरे से बाहर भेज दिया।

इसके बाद मामला और गंभीर हो गया। BDO के अनुसार, कमरे का दरवाजा बंद कर उन्हें अवैध रूप से भीतर रोके रखा गया। इसी दौरान उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया और कथित तौर पर धमकी दी गई कि “मैं छात्र संघ राजनीति से आया हूं, तुम्हें देख लूंगा।” शिकायत में इसे भय पैदा करने और दबाव बनाने का स्पष्ट प्रयास बताया गया है।

अधिकारी ने आरोप लगाया है कि यह पूरा घटनाक्रम एक लोक सेवक को उसके वैधानिक कर्तव्यों के निर्वहन से रोकने, अवैध लाभ लेने के लिए दबाव बनाने और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने की श्रेणी में आता है।

प्रार्थना पत्र में ज्येष्ठ उप प्रमुख के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 221 (लोक सेवक को कर्तव्य से रोकना), 351 (आपराधिक धमकी), 352 (जानबूझकर अपमान) और 127 (अवैध निरुद्ध करना) समेत अन्य प्रासंगिक धाराओं में शिकायत दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए BDO ने अपनी और कार्यालय स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई है। इस शिकायत की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और मुख्य विकास अधिकारी पौड़ी गढ़वाल को भी भेजी गई है। इस प्रकरण ने जिले के प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हलचल तेज कर दी है। अब सबकी नजर पुलिस और जिला प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है।

पक्ष में आया विकास सेवा से संगठन
प्रादेशिक विकास सेवा संगठन ने बीडीओ के पक्ष में खड़े होते हुए ज्येष्ठ उप प्रमुख के व्यवहार की कड़ी निंदा की। संगठन के अध्यक्ष भरत चंद्र भट्ट ने जिलाधिकारी पौड़ी को पत्र लिखकर मामले में सख्त वैधानिक कार्रवाई की मांग उठाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button