पीएम मोदी की सुरक्षा के मद्देनजर बंद होगा ऐतिहासिक डाटकाली मंदिर
12 अप्रैल शाम 05 बजे से 14 अप्रैल दोपहर 02 बजे तक आम श्रद्धालुओं का प्रवेश रहेगा बंद

Rajkumar Dhiman, Dehradun: देहरादून स्थित प्रसिद्ध मां डाट काली मनोकामना सिद्ध पीठ में 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री Narendra Modi के प्रस्तावित आगमन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। रविवार को मंदिर परिसर में एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा व्यवस्था, दर्शन व्यवस्था और मंदिर प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। जिसके तहत 14 अप्रैल दोपहर 02 बजे तक मंदिर को आम श्रद्धालुओं के लिए बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
बैठक की अध्यक्षता मंदिर के पूजनीय महंत रमण प्रसाद गोस्वामी के सुपुत्र श्री शुभम गोस्वामी और संयम गोस्वामी ने की। इस दौरान मंदिर समिति के सेवादार दिनेश अग्रवाल (टीटू भाई) और गौरव कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को देहरादून दौरे के दौरान मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना और दर्शन करेंगे।
प्रधानमंत्री मंदिर में लगभग 5 से 10 मिनट तक पूजा-अर्चना करेंगे, जिसके बाद वह दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे। मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा है कि 12 अप्रैल शाम 5 बजे से 14 अप्रैल दोपहर 02 बजे तक मंदिर में आम भक्तों का प्रवेश सुरक्षा कारणों से पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों और प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
समिति ने स्पष्ट किया है कि भक्तजन 14 अप्रैल दोपहर 2 बजे के बाद ही माता रानी के दर्शन के लिए मंदिर में प्रवेश कर सकेंगे। श्रद्धालुओं से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की गई है। बैठक में आचार्य अनूप ममगाईं, आचार्य विजेंद्र थपलियाल, आचार्य प्रवीण जुयाल, वासु परविंदा, विक्की खत्री, शिवम गोयल और गोकुल परविंदा समेत मंदिर समिति के कई सदस्य मौजूद रहे।



