
Rajkumar Dhiman, Dehradun: डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून में आयोजित छात्रसंघ समारोह के दौरान मंच से अभद्र और अश्लील भाषा के प्रयोग का मामला तूल पकड़ गया है। हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के खिलाफ डालनवाला कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। यह कार्रवाई छात्र प्रतिनिधि प्रांचल नौनी की तहरीर पर की गई। इससे पहले रविवार दोपहर को श्रीनगर थाने में भी मसूम शर्मा पर मुकदमा दर्ज किया जा चुका है।
जानकारी के अनुसार, 11 अप्रैल को कॉलेज परिसर में आयोजित छात्रसंघ कार्यक्रम में गायक को प्रस्तुति के लिए बुलाया गया था। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान उन्होंने भरे मंच से बार-बार आपत्तिजनक और अशोभनीय शब्दों का इस्तेमाल किया, जिससे मौके पर मौजूद छात्र-छात्राओं और आम लोगों में नाराजगी फैल गई।
मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया और इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। वीडियो सामने आने के बाद देहरादून समेत पूरे उत्तराखंड और अन्य राज्यों में भी लोगों की तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। सोशल मीडिया पर गायक के खिलाफ लगातार टिप्पणियां और विरोध के स्वर उठ रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 के तहत सार्वजनिक स्थान पर अश्लील गीत या शब्दों के उच्चारण तथा धारा 352 के तहत जानबूझकर अपमान कर सार्वजनिक शांति भंग करने के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और वायरल वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है।
उधर, शिकायतकर्ता प्रांचल नौनी ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी गायक के खिलाफ जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो छात्र-छात्राएं, अभिभावक और सामाजिक संगठन थाना घेराव तथा शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के लिए मजबूर होंगे।
घटना के बाद कॉलेज परिसर में भी इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर तेज है। कई छात्र संगठनों ने इसे शैक्षणिक वातावरण के खिलाफ बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। यह भी देखने वाली बात होगी कि डीएवी कॉलेज प्रशासन क्या रुख अपनाता है।



