crimeDehradun

एक्सप्रेसवे की रफ्तार के बाद बेकाबू हुआ ट्रक, कार को टक्कर मारी और फिर दीवार से जा टकराया

एक्सप्रेसवे के आखिरी भाग से जुड़े दून के मोहब्बेवाला में माहभर में पांचवां भीषण हादसा

Rajkumar Dhiman, Dehradun: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर फर्राटा भरने के बाद देहरादून शहर की सीमा पर भी वाहन बेकाबू होकर चल रहे हैं। जिसका नतीजा यह है कि एक्सप्रेसवे के आखिरी भाग से जुड़े मोहब्बेवाला क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को एक लोडेड ट्रक ढलान पर नियंत्रण खो बैठा और पहले एक कार को टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रक बिजली के पोल से टकराते हुए पास की दीवार में जा घुसा।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। वहीं, कार का अगला हिस्सा भी ट्रक में जा घुसा। सूचना मिलते ही मौके पर क्रेन और एंबुलेंस पहुंची। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद कार चालक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि ट्रक चालक को निकाला जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक सहारनपुर से देहरादून की ओर आ रहा था। मोहब्बेवाला के ढलान वाले हिस्से में वाहन अनियंत्रित हो गया, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस के अनुसार ट्रक में फंसा चालक जुनैद है। कटर के माध्यम से एक हिस्से को काटकर ड्राइवर को किसी तरह बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया।

मोहब्बेवाला में हालिया दुर्घटनाएं
16 अप्रैल: अनियंत्रित मालवाहक ट्रक ने खड़े वाहनों और ऑटो को टक्कर मारते हुए पेड़ से टकराया, कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए।
09 मार्च: मार्बल से लदा ट्रक पलटने से देहरादून–सहारनपुर मार्ग पर यातायात बाधित रहा।
18 फरवरी: ट्रक के कार पर पलटने से आग लग गई, हालांकि सभी लोग सुरक्षित बच निकले।
05 दिसंबर: सीमेंट लदे ट्रक ने कई वाहनों को टक्कर मारकर दुकानों में घुसते हुए नुकसान पहुंचाया, दो लोग घायल हुए।

लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय लोग और राहगीर चिंतित हैं। क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग तेज हो रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button