चमोली में फर्जी आर्मी जवान बना युवक और युवती को फंसाया, फिर ब्लैकमेल कर ऐंठी रकम
पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार, ऐंठ लिए थे एक लाख रुपये

Round The Watch News: चमोली पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए युवतियों को झांसे में लेकर ब्लैकमेल करने वाले एक शातिर युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को सेना का जवान बताकर पहले दोस्ती करता था, फिर निजी फोटो और वीडियो हासिल कर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर पैसों की मांग करता था।
फेसबुक से शुरू हुई ठगी की कहानी
पीड़िता ने 17 अप्रैल को कोतवाली कर्णप्रयाग में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि वर्ष 2024 में उसकी फेसबुक के माध्यम से रुड़की निवासी एक युवक से पहचान हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और 2025 में दोनों की मुलाकात रुड़की रेलवे स्टेशन पर हुई। इस दौरान युवक ने अपना नाम कुलदीप भंडारी बताया और खुद को सेना में तैनात बताया।
आरोपी के झांसे में आकर युवती ने उस पर भरोसा कर लिया और अपनी निजी तस्वीरें व वीडियो साझा कर दिए। इसके बाद युवक ने इन्हीं सामग्रियों को वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। डर के चलते पीड़िता ने आरोपी के खाते में करीब एक लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
शिकायत मिलते ही हरकत में आई पुलिस
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। कर्णप्रयाग कोतवाली में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा और प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए आरोपी की तलाश शुरू की।
24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी
जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे 18 अप्रैल 2026 को रुड़की के ढंडेरा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान कुलदीप भंडारी (22) के रूप में हुई है।
मोबाइल फोन बरामद, न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन (रेडमी नोट 13 प्रो) भी बरामद किया है। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सतर्क रहें और निजी जानकारी या फोटो-वीडियो साझा करने से बचें।



