कोटद्वार में नजीबाबाद के युवक ने घर में घुसकर नाबालिग से किया रेप और फिर भगा ले गया, पिता की एफआईआर पर गिरफ्तारी
21 वर्षीय युवक की करतूत, आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई शुरू

Round The Watch News: पौड़ी पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर मामले में तेजी और सख्ती दिखाते हुए आरोपी को चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के प्रति भरोसा मजबूत हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 18 अप्रैल 2026 को कोटद्वार निवासी एक व्यक्ति की ओर से कोतवाली कोटद्वार में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत में बताया गया कि उनकी नाबालिग पुत्री के साथ एक युवक ने घर में घुसकर दुष्कर्म किया और बाद में उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 91/26 के तहत धारा 65(1), 78(1), 137(2), 351(2) बीएनएस तथा 3/4 पॉक्सो एक्ट के अंतर्गत केस दर्ज किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पौड़ी ने मामले को अत्यंत संवेदनशील मानते हुए त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश जारी किए। निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने मामले में तेजी से जांच शुरू करते हुए साक्ष्य संकलन, सुरागरसी और तकनीकी विश्लेषण किया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को अहम सुराग मिले, जिनके आधार पर आरोपी की पहचान मिलेश चौहान उर्फ आर्यन चौहान (21 वर्ष), निवासी नजीबमपुर, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
आरोपी का विवरण:
मिलेश चौहान उर्फ आर्यन चौहान (उम्र 21 वर्ष), पुत्र राजपाल सिंह, निवासी ग्राम नजीबमपुर, पोस्ट ऑफिस जलालाबाद, थाना नजीबाबाद, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश)।
पुलिस टीम में शामिल:
– उप निरीक्षक प्रीति गोसाई
– कांस्टेबल अनुज वर्मा
पौड़ी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



