crimeDehradun

वीडियो: देहरादून में भाजपा नेता पर जानलेवा हमला और अपहरण की भी कोशिश, फैली सनसनी

कैफे से लौटते समय पीछे से आ रही आई-20 कार ने नेता की बाइक को मारी टक्कर

Rajkumar Dhiman, Dehradun: राजधानी देहरादून में भाजपा से जुड़े एक युवा नेता पर जानलेवा हमला और अपहरण की कोशिश का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में भय और तनाव का माहौल है। घटना के दौरान हमलावरों ने पिस्टल भी तान दी थी।

जानकारी के अनुसार, पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के नयागांव चंद्रबनी निवासी 26 वर्षीय हर्ष वालिया, जो भाजपा युवा मोर्चा में मंडल उपाध्यक्ष बताए जा रहे हैं, ने पुलिस को शिकायत दी है कि बीते दिनों क्लेमनटाउन थाना क्षेत्र में कुछ युवकों के साथ उनका विवाद हुआ था। उस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी मिली थी।

पीड़ित का आरोप है कि सोमवार शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच वह गौतम कुंड के पास एक कैफे से लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई एक आई-20 कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े।

इसके बाद कार से उतरे हमलावरों ने कथित तौर पर उनके सिर पर पिस्टल तान दी। तभी दूसरी कार में सवार कुछ और युवक मौके पर पहुंचे और उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश करने लगे। हर्ष वालिया के मुताबिक, उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे।

स्थिति बिगड़ती देख आरोपी उन्हें धमकाते हुए मारपीट करने लगे, लेकिन पीड़ित किसी तरह पास की दीवार फांदकर मौके से भाग निकले और अपनी जान बचाई। इस घटना में उनकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं एक मकान की दीवार को भी नुकसान पहुंचा।

पीड़ित ने हार्दिक शर्मा, अभिषेक वर्मा, अभिनव काकरान और चेतन्य शर्मा सहित कुल सात लोगों पर हमले का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एक संदिग्ध कार को अपने कब्जे में लिया।

पटेलनगर थाना प्रभारी विनोद गुसाई ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button