crimeEducationUttarakhand

इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य की चाकू मारकर हत्या, बाबू ने स्कूल जाते समय हमला किया

बागेश्वर में राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला में प्रधानाचार्य थे दयानंद टम्टा

Amit Bhatt, Uttarakhand: उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला के प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा (55 वर्ष) की स्कूल जाते समय चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विद्यालय में कार्यरत एक बाबू पहले से ही रास्ते में चाकू लेकर उनकी प्रतीक्षा कर रहा था। जैसे ही प्रधानाचार्य वहां पहुंचे, आरोपी ने उन पर लगातार कई वार किए।

हमले में गंभीर रूप से घायल प्रधानाचार्य को परिजन और स्थानीय लोग तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।

प्रधानाचार्य के निधन की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल में शिक्षकों, परिचितों, स्थानीय नागरिकों और शुभचिंतकों की बड़ी संख्या पहुंच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शिक्षक समुदाय ने इस जघन्य घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी हैं।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के कारणों और अन्य तथ्यों का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।

इस सनसनीखेज वारदात ने न केवल शिक्षा जगत बल्कि पूरे बागेश्वर जिले को झकझोर कर रख दिया है। दिनदहाड़े एक प्रधानाचार्य की हत्या से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े हो गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button