
Rajkumar Dhiman, Dehradun: राजधानी दून के तिब्बती मार्केट क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान एक बुजुर्ग ठेली संचालक के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया, जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने पूरे घटनाक्रम की जांच के आदेश दे दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में यदि किसी पुलिसकर्मी की गलती सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, तिब्बती मार्केट के आसपास का इलाका नगर निगम देहरादून द्वारा ‘नो वेंडिंग जोन’ घोषित किया गया है। यहां रेहड़ी और ठेली लगाने पर प्रतिबंध है। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस और संबंधित विभाग समय-समय पर अभियान चलाकर अवैध रूप से खड़ी रेहड़ी-ठेलियों को हटवाते हैं।
शनिवार को भी इसी तरह का अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मौके पर मौजूद एक बुजुर्ग ठेली संचालक की ड्यूटी पर तैनात उप निरीक्षक से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर उप निरीक्षक ने बुजुर्ग के साथ मारपीट कर दी। घटनास्थल पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होने के बाद देहरादून पुलिस हरकत में आ गई। एसएसपी के निर्देश पर वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और वीडियो के साथ अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है।
देहरादून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में यह पाया जाता है कि किसी पुलिसकर्मी ने कार्रवाई के दौरान अनुचित व्यवहार किया या अपने अधिकारों का दुरुपयोग किया है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस ने यह भी दोहराया कि शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने और नो वेंडिंग जोन के नियमों का पालन कराने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेंगे, लेकिन प्रत्येक कार्रवाई कानून के दायरे में और पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएगी।



