शादी में बारातियों की छेड़छाड़ से परेशान दुल्हन ने थामा दूसरे दूल्हे का हाथ
हरिद्वार का मामला, नशे में धुत थे बाराती, चंद घंटों से दूसरे व्यक्ति से की शादी

Rajkumar Dhiman, Dehradun: हरिद्वार जिले के रुड़की में एक निकाह समारोह उस समय भारी विवाद में बदल गया, जब दुल्हन ने आधी रस्में पूरी होने के बाद शादी से साफ इनकार कर दिया। आरोप है कि बारात में शामिल कुछ युवक शराब के नशे में थे और उन्होंने समारोह में मौजूद महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार व छेड़छाड़ की। मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया। बाद में दुल्हन का निकाह दूसरे दूल्हे के साथ संपन्न कराया गया।
मंगलवार को पिरान कलियर थाना क्षेत्र के मेहवड़ कलां गांव से बारात रुड़की की गंगनहर क्षेत्र स्थित ग्रीन पार्क कॉलोनी के ताज पैलेस मैरिज हॉल पहुंची थी। निकाह की रस्में चल रही थीं और दुल्हन भी विवाह के लिए तैयार थी। इसी दौरान आरोप लगा कि बारात में शामिल कुछ लोग अत्यधिक शराब के नशे में थे और उन्होंने महिलाओं के साथ अभद्रता तथा छेड़छाड़ शुरू कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही दुल्हन पक्ष के लोगों ने इसका विरोध किया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी शुरू हुई, जो मारपीट में बदल गई। माहौल बिगड़ने पर दुल्हन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह ऐसे माहौल में निकाह नहीं करेगी और शादी से इनकार कर दिया।
सूचना मिलने पर गंगनहर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच कई घंटे तक बातचीत चली। आखिरकार आपसी सहमति से निकाह रद्द करने का निर्णय लिया गया। लिखित समझौते में तय हुआ कि दूल्हा पक्ष पहले दिया गया दहेज का सामान वापस करेगा और शादी की तैयारियों, भोजन तथा अन्य व्यवस्थाओं पर हुए पूरे खर्च की भरपाई भी करेगा।
समझौते के अनुसार सामान और रकम लौटाने के बाद जब दूल्हा पक्ष वापस लौट रहा था, तभी दुल्हन पक्ष के कुछ लोगों ने उन पर दोबारा हमला कर दिया। इस मारपीट में एक व्यक्ति घायल हो गया। हालांकि पुलिस के दोबारा पहुंचने से पहले ही दोनों पक्ष वहां से चले गए।
बारात लौटने के बाद दुल्हन पक्ष ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के बिलासपुर गांव से दूसरे दूल्हे को बुलाया। उसी विवाह स्थल पर बाद में दुल्हन का निकाह दूसरे युवक के साथ संपन्न करा दिया गया।
गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से शादी रद्द कर दी है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत नहीं मिली है। यदि तहरीर प्राप्त होती है तो नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



