वर्दी में जंतर मंतर पहुंचा उत्तराखंड पुलिस का जवान, छोड़ दी नौकरी
शेर सिंह बताया जा रहा कांस्टेबल का नाम, पुलिस महकमे में हड़कंप

Rajkumar Dhiman, Dehradun: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे धरना-प्रदर्शन में उत्तराखंड पुलिस की वर्दी पहनकर पहुंचे एक व्यक्ति का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद उत्तराखंड पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। पुलिस मुख्यालय ने मामले का संज्ञान लेते हुए पूरे प्रकरण की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति शेर सिंह है, जो उत्तराखंड पुलिस में कांस्टेबल रह चुका है। सूत्रों के मुताबिक उसे वर्ष 2025 में निलंबित किया गया था। उसकी पूर्व तैनाती पिथौरागढ़ जिले में रही है। अब पुलिस यह पता लगा रही है कि वर्तमान में उसकी सेवा की स्थिति क्या है और निलंबन के बावजूद पुलिस की वर्दी पहनकर सार्वजनिक धरना-प्रदर्शन में शामिल होने के मामले में उसके खिलाफ कौन-कौन सी वैधानिक कार्रवाई बनती है।
मंच से बोला- ‘कॉकरोचों की रक्षा करने आया हूं’
वायरल वीडियो में शेर सिंह मंच से संबोधित करते हुए कहता दिखाई दे रहा है, “जब देश ही नहीं बचेगा तो इस नौकरी का क्या करूंगा? उत्तराखंड पुलिस की नौकरी छोड़कर कॉकरोचों की रक्षा करने आया हूं।” उसके इस बयान के बाद वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।
भगत सिंह का हवाला देकर किया नौकरी छोड़ने का एलान
वीडियो में शेर सिंह ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह का हवाला देते हुए कहा, “सरदार भगत सिंह ने कहा था कि जिंदगी अपने दम पर जी जाती है, दूसरों के कंधों पर जनाजे जाते हैं।” इसके बाद उसने मंच से सार्वजनिक रूप से नौकरी छोड़ने का एलान भी किया। उसने कहा कि “यदि अपने हक के लिए आवाज उठाना बागी होना है, तो हम बागी हैं।” उसके इन बयानों और नौकरी छोड़ने के एलान का वीडियो इंटरनेट मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर तेजी से साझा किया जा रहा है।
पुलिस मुख्यालय ने शुरू की जांच
वीडियो वायरल होने के बाद उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय स्तर पर पूरे मामले की जानकारी एकत्र की जा रही है। अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि यदि शेर सिंह निलंबित है तो उसने पुलिस की वर्दी किस आधार पर पहनी और सार्वजनिक मंच से दिए गए बयानों के संबंध में विभागीय नियमों के तहत क्या कार्रवाई की जा सकती है।
अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों का सत्यापन करने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वायरल वीडियो और उससे जुड़े तथ्यों की जांच जारी है।



