बदरीनाथ हाईवे पर भीषण हादसा, भाई-बहन की मौत, 02 घायल
डंपर के नीचे घुसी कार, श्रीनगर निवासी भाई बहन ऋषभ सेमवाल और रक्षा की मौत

Rajkumar Dhiman, Dehradun: बदरीनाथ हाईवे पर मालाकुंठी के समीप सोमवार को कार और डंपर की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे की सीट पर बैठे दो अन्य लोग घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है।
मुनिकीरेती के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान ने बताया कि स्विफ्ट कार में चार लोग सवार होकर ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मालाकुंठी के समीप मोड़ पर श्रीनगर की ओर से आ रहे डंपर से कार की आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार डंपर के नीचे जा घुसी।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कार चला रहे ऋषभ सेमवाल और उनके बगल की सीट पर बैठी उनकी बहन रक्षा सेमवाल, निवासी डांग, श्रीनगर, की मौके पर ही मौत हो गई। पीछे की सीट पर बैठे दो लोग हादसे में घायल हुए, जिन्हें तत्काल एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया। पुलिस घायलों के नाम और पते की जानकारी जुटा रही है।
बताया गया कि मृतक भाई-बहन के पिता सिंचाई विभाग में प्रशासनिक अधिकारी हैं। रक्षा सेमवाल कीर्तिनगर स्थित अस्पताल में लैब टेक्निशियन के पद पर कार्यरत थीं। वहीं, ऋषभ सिंचाई विभाग में एक अवर अभियंता (जेई) के साथ अस्थायी तौर पर काम करता था। पुलिस ने हादसे की सूचना मृतकों के स्वजन को दे दी है। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।



