crimeDehradun

रेप के बाद किशोरी को होटल से बाहर लाए तो बंद कर दिए कैमरे

रेप के आरोपी सोफियान के साथ ही होटल मैनेजर और संचालक को किया गया गिरफ्तार

Rajkumar Dhiman, Dehradun: ऋषिकेश में 16 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी के साथ होटल मैनेजर और संचालक को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान होटल में नाबालिग को बिना उचित पहचान और सत्यापन के ठहराए जाने, आवश्यक रजिस्टर में प्रविष्टि नहीं किए जाने और घटना की जानकारी होने के बावजूद पुलिस या संबंधित सहायता एजेंसी को सूचना नहीं देने के तथ्य सामने आए हैं।

मामले को और गंभीर बनाने वाला तथ्य यह है कि पुलिस की जांच में पीड़िता को होटल से बाहर ले जाने के दौरान होटल के CCTV कैमरों को बंद किए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर होटल मैनेजर वैभव गुप्ता और संचालक राहुल अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है।

बहला-फुसलाकर होटल ले जाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, 30 अगस्त 2026 को नाबालिग के पिता ने कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर दी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि 29 अगस्त को मुजफ्फरनगर निवासी सोफियान उनकी 16 वर्षीय पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ होटल गंगा इन, निकट पुराना रेलवे स्टेशन, ऋषिकेश ले गया।

आरोप है कि होटल में सोफियान ने नाबालिग के साथ मारपीट कर दुष्कर्म किया। पीड़िता की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मु0अ0सं0 431/2026 दर्ज किया। प्रारंभ में मामले में धारा 137(2), 65, 115(2), 123 बीएनएस तथा धारा 5/6 पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

24 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी गिरफ्तार
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर कोतवाली ऋषिकेश में पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मुख्य आरोपी सोफियान को हरिद्वार क्षेत्र में सिंहद्वार फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की तलाशी में मोटोरोला कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस का दावा है कि मोबाइल की जांच के दौरान घटना के समय आरोपी द्वारा बनाई गई पीड़िता से संबंधित फोटो-वीडियो भी बरामद हुए हैं।

होटल प्रबंधन की भूमिका ने बढ़ाई मामले की गंभीरता
मुख्य आरोपी से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के दौरान पुलिस को होटल प्रबंधन की भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण तथ्य मिले।

पुलिस के मुताबिक, नाबालिग को होटल में बिना उचित पहचान/सत्यापन और आवश्यक रजिस्टर प्रविष्टि के प्रवेश दिया गया था। इतना ही नहीं, पुलिस का कहना है कि होटल प्रबंधन को घटना की जानकारी होने के बावजूद पुलिस या संबंधित सहायता एजेंसी को इसकी सूचना नहीं दी गई।

जांच के दौरान एक और गंभीर तथ्य सामने आया। पुलिस के अनुसार, पीड़िता को होटल से बाहर ले जाने के दौरान होटल के CCTV कैमरों को बंद किया गया था। इस तथ्य ने पूरे मामले में होटल प्रबंधन की भूमिका को जांच के दायरे में ला दिया।

इसके बाद होटल मैनेजर वैभव गुप्ता और होटल संचालक राहुल अग्रवाल को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर थाने लाया गया। पूछताछ और विवेचना में सामने आए तथ्यों तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों को भी मामले में गिरफ्तार कर लिया।

मुकदमे में पॉक्सो की कई धाराएं बढ़ाई गईं
पुलिस ने दोनों की कथित भूमिका सामने आने के बाद मुकदमे में धारा 5/6/15/16/19/21 पॉक्सो एक्ट तथा धारा 61(2)/238 बीएनएस की बढ़ोतरी की है। इस तरह इस मामले में अब तक मुख्य आरोपी समेत कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

होटल का लाइसेंस भी खतरे में
पुलिस ने मामले को लेकर होटल के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर दी है। संबंधित होटल का लाइसेंस निरस्त कराने के लिए पुलिस ने सराय एक्ट के तहत उप जिलाधिकारी, ऋषिकेश को रिपोर्ट भेजी है।

अब जांच का अहम पहलू यह है कि होटल में नाबालिग को बिना उचित सत्यापन प्रवेश कैसे दिया गया, आवश्यक रिकॉर्ड क्यों नहीं रखा गया और CCTV कैमरे बंद किए जाने के पीछे किसकी भूमिका थी।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
1. सोफियान पुत्र तुफैल अहमद, निवासी ग्राम गढ़ी, थाना जानसठ, जनपद मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश — उम्र 21 वर्ष।
2. वैभव गुप्ता पुत्र देवेंद्र गुप्ता, निवासी मार्ग नंबर-02, देहरादून रोड, ऋषिकेश — उम्र 34 वर्ष।
3. राहुल अग्रवाल पुत्र विनोद अग्रवाल, निवासी अद्वैतानंद मार्ग, ऋषिकेश — उम्र 36 वर्ष।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
1. प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, कोतवाली ऋषिकेश
2. वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी, कोतवाली ऋषिकेश
3. उपनिरीक्षक विकसित पंवार
4. उपनिरीक्षक राजकुमार
5. उपनिरीक्षक निखलेश बिष्ट
6. महिला उपनिरीक्षक ज्योति शर्मा
7. हेड कांस्टेबल संदीप राठी
8. कांस्टेबल तेज सिंह
9. कांस्टेबल अभिषेक, 10. कांस्टेबल हिमांशु

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button