
Round The Watch News: आइडीपीएल क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग को शराब पिलाकर उसके नशे की हालत का फायदा उठाते हुए यौन अपराध करने के मामले में ऋषिकेश पुलिस ने 03 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की विवेचना में सामने आया कि आरोपितों ने नाबालिग और उसकी परिचित युवती को आइडीपीएल स्थित एक गोदाम में बुलाया था। वहां दोनों को शराब पिलाई गई। नाबालिग के अत्यधिक नशे में होने का फायदा उठाकर उसके साथ यौन अपराध किए जाने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, सात जुलाई को पीड़िता के भाई ने कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर दी थी। इसमें बताया गया कि उसकी 16 वर्षीय बहन एक जुलाई को अपनी परिचित युवती के साथ आइडीपीएल क्षेत्र गई थी। वहां कुछ युवकों ने दोनों को शराब पिलाई। नशे की स्थिति का फायदा उठाकर नाबालिग के साथ अश्लील हरकत और यौन अपराध किया गया। बाद में उसे रात में घर छोड़ दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। शुरुआत में मुकदमा धारा 75(2) बीएनएस और पॉक्सो अधिनियम की धारा 7/8 में दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपियों की भूमिका स्पष्ट होने पर मुकदमे में धारा 137(2), 70(2), 75(2), 61(2) बीएनएस और पॉक्सो अधिनियम की धारा 5/6/7/8 की बढ़ोतरी की गई।
30 जून आधी रात्रि की घटना, नशे का फायदा उठाया
पुलिस के मुताबिक विवेचना में सामने आया कि घटना 30 जून और एक जुलाई की मध्यरात्रि से संबंधित है। आरोपियों ने नाबालिग और उसकी परिचित युवती को आइडीपीएल स्थित गोदाम में बुलाया। वहां उन्हें शराब पिलाई गई। नाबालिग जब अत्यधिक नशे की स्थिति में पहुंच गई तो आरोपितों ने कथित तौर पर उसकी स्थिति का फायदा उठाते हुए उसके साथ यौन अपराध किया।
विवेचना में गोविन्द और दीपक उर्फ डीपी की भूमिका नाबालिग के साथ यौन अपराध करने में सामने आई, जबकि शिवम उर्फ शुभम पर नाबालिग को अपने साथ लाने और घटना के षड्यंत्र में शामिल होने का आरोप है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
तीनों आरोपित रुड़की क्षेत्र के
गिरफ्तार आरोपितों में शिवम उर्फ शुभम पुत्र पवन कुमार (19) निवासी इब्राहिमपुर, रामपुर, रुड़की, हरिद्वार; गोविन्द पुत्र खेमचन्द (21) निवासी ग्राम श्यामनगर, सुनहैरा, रुड़की, हरिद्वार और दीपक उर्फ डीपी पुत्र सेवाराम (20) निवासी ग्राम सुनहैरा, रुड़की, हरिद्वार शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि वैधानिक कार्रवाई के बाद तीनों आरोपितों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
एसएसपी के निर्देशन में बनी टीम
कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस टीम में निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी, उपनिरीक्षक राजकुमार, महिला उपनिरीक्षक ज्योति और कांस्टेबल 84 सौरभ वालिया शामिल रहे।



