crimeUttarakhand

17 साल की किशोरी से अलग-अलग होटलों में रेप, उत्तराखंड पुलिस पहुंची मेरठ

शादी का झांसा देकर किशोरी का दो साल तक किया जाता रहा शोषण

Round The Watch News: सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती के बाद मेरठ के युवक ने 17 वर्षीय किशोरी को शादी का भरोसा देकर उसका करीब दो साल तक शारीरिक शोषण किया। आरोप है कि युवक उसे नैनीताल और हल्द्वानी के अलग-अलग होटलों में ले जाता था। जुलाई 2025 में युवक ने अचानक किशोरी से संपर्क तोड़ दिया। परेशान होकर वह उसके मेरठ स्थित घर पहुंची तो स्वजन ने बालिग होने पर शादी कराने का आश्वासन देकर उसे वापस भेज दिया। बाद में आरोपी और उसके परिवार ने शादी से इन्कार कर दिया। इसके बाद किशोरी ने हल्द्वानी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम मेरठ भेजी है।

पुलिस के अनुसार, हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी की वर्ष 2024 में सोशल मीडिया के माध्यम से मेरठ निवासी सागर प्रजापति से पहचान हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच बातचीत हुई और धीरे-धीरे यह दोस्ती में बदल गई। आरोप है कि इसके बाद सागर लगातार किशोरी के संपर्क में रहा और उससे शादी करने का भरोसा देता रहा।

किशोरी का आरोप है कि शादी का झांसा देकर सागर उसे नैनीताल और हल्द्वानी लेकर आता था। यहां अलग-अलग होटलों में ले जाकर उसने उसका शारीरिक शोषण किया। यह सिलसिला करीब दो साल तक चलता रहा।

जुलाई 2025 में अचानक तोड़ा संपर्क
शिकायत के अनुसार, जुलाई 2025 में सागर ने अचानक किशोरी से बातचीत बंद कर दी। उसने फोन उठाना भी बंद कर दिया। लंबे समय तक संपर्क नहीं होने से परेशान किशोरी खुद मेरठ स्थित उसके घर पहुंच गई। वहां आरोपी के स्वजन से उसकी मुलाकात हुई। आरोप है कि उन्होंने किशोरी को भरोसा दिलाया कि 18 वर्ष की होने के बाद उसकी सागर से शादी करा दी जाएगी। इस आश्वासन के बाद किशोरी वापस हल्द्वानी लौट आई।

हालांकि, कुछ समय बाद आरोपी और उसके परिवार ने कथित तौर पर शादी के वादे से पीछे हटते हुए रिश्ता करने से साफ इन्कार कर दिया। इससे परेशान किशोरी ने हल्द्वानी कोतवाली में लिखित शिकायत देकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी।

गंभीर धाराओं में मुकदमा, मेरठ गई टीम
सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि किशोरी की शिकायत के आधार पर सागर प्रजापति के खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम मेरठ भेजी गई है। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। सीओ के अनुसार, आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button