
Aryan Walia, Dehradun: राजधानी देहरादून में देर रात शराब के नशे में वाहन चलाने की दो घटनाएं सामने आई हैं। चंदरनगर क्षेत्र में उत्तराखंड कृषि विभाग के उपनिदेशक के नाम का बोर्ड लगी बोलेरो ने सड़क किनारे खड़ी 05 स्कूटी और 02 बाइक को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान एक युवक भी बोलेरो की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बोलेरो में सवार 04 युवक मौके से फरार हो गए। वहीं, राजपुर रोड पर एक अन्य कार चालक ने कथित तौर पर नशे की हालत में वाहन चलाते हुए डिवाइडर पर लगे बिजली के पोल पर कार चढ़ा दी। गनीमत रही कि इस घटना में किसी बड़े हादसे की सूचना नहीं है।
शराब पार्टी के बाद बोलेरो से मचाया उत्पात
चंदरनगर क्षेत्र में देर रात हुई घटना के संबंध में बताया गया कि बोलेरो में सवार युवक शराब पार्टी के बाद लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो ने सड़क किनारे खड़े वाहनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पांच स्कूटी और दो बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। इस दौरान एक स्थानीय युवक भी वाहन की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद आसपास के लोग घायल युवक की मदद करने और बोलेरो को रोकने के लिए दौड़े, लेकिन वाहन में सवार चारों युवक मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बोलेरो सवार युवक शराब के नशे में थे। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
बोलेरो पर लगा था उपनिदेशक कृषि विभाग का बोर्ड
हादसे में शामिल बोलेरो पर उत्तराखंड सरकार की आधिकारिक नेम प्लेट और ‘उपनिदेशक कृषि विभाग’ का बोर्ड लगा हुआ था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह वाहन कृषि विभाग में अनुबंध पर लगा था। हालांकि, हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था और उस पर सरकारी विभाग का बोर्ड किस आधार पर लगाया गया था, इसकी जांच की जा रही है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बोलेरो को कोतवाली पहुंचाया। घटना से नाराज स्थानीय लोग भी कोतवाली पहुंचे और फरार युवकों की जल्द गिरफ्तारी के साथ उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर बोलेरो में सवार चारों युवकों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के प्रयास में जुटी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के समय गाड़ी कौन चला रहा था और अनुबंधित वाहन पर सरकारी नेम प्लेट व विभागीय बोर्ड के इस्तेमाल की क्या अनुमति थी।
राजपुर रोड पर डिवाइडर के बिजली पोल पर चढ़ाई कार
देहरादून में नशे में वाहन चलाने की दूसरी घटना राजपुर रोड पर सामने आई। यहां एक कार चालक ने कथित तौर पर शराब के नशे में वाहन चलाते हुए नियंत्रण खो दिया और कार डिवाइडर पर लगे बिजली के पोल से टकराकर उस पर चढ़ गई।
कार पोल से टकराने के बाद रुक गई। जिस समय यह घटना हुई, सड़क की दूसरी ओर से भी वाहन गुजर रहे थे। ऐसे में यदि कार डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच जाती, तो सामने से आ रहे वाहनों से भीषण टक्कर होने की आशंका थी। हालांकि, इस घटना में किसी बड़े हादसे की सूचना नहीं है।
दोनों घटनाओं ने उठाए सड़क सुरक्षा पर सवाल
एक ही रात में सामने आईं इन दोनों घटनाओं ने राजधानी में नशे में वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। चंदरनगर की घटना में सात वाहन क्षतिग्रस्त हुए और एक युवक घायल हो गया, जबकि राजपुर रोड पर कार बिजली के पोल से टकरा गई।
चंदरनगर मामले में पुलिस फरार युवकों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। बोलेरो के अनुबंधित वाहन होने, उस पर लगे सरकारी बोर्ड और हादसे के समय वाहन चला रहे व्यक्ति की भूमिका की जांच भी महत्वपूर्ण है। दोनों घटनाओं में संबंधित वाहन चालकों के नशे में होने के आरोपों की पुष्टि जांच के आधार पर होनी बाकी है।



