इगास के रंग में रंगा दून, लोकगीतों पर जमकर थिरके सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी और मनवीर चौहान
इगास बग्वाल को लेकर अभी से दून में जमने लगा रंग, सरकार की प्राथमिकता में है संस्कृति का संरक्षण-संवर्धन

Rajkumar Dhiman, Dehradun: उत्तराखंड के लोकपर्व इगास बग्वाल की अभी से शुरू हुई धूम के बीच राजधानी देहरादून में लोक संस्कृति का अनूठा रंग देखने को मिला। पारंपरिक पहाड़ी वेशभूषा, लोकगीतों की मधुर धुन और उत्साह से भरे माहौल ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। आयोजन में सबसे खास पल तब आया, जब सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी और भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान खुद को पहाड़ी लोकगीतों की धुन पर थिरकने से नहीं रोक पाए। दोनों ने पूरे उत्साह के साथ पारंपरिक गीतों पर नृत्य किया और लोक संस्कृति के इस उत्सव में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम में जैसे ही उत्तराखंड के पारंपरिक लोकगीतों की धुन गूंजी, माहौल पूरी तरह पहाड़ी रंग में रंग गया। महिलाएं पारंपरिक पहाड़ी परिधानों में नजर आईं। वहीं, लोकगीतों की लय पर लोगों ने जमकर नृत्य किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी भी इस उत्सव में शामिल हुए। उन्होंने लोकगीतों पर शानदार अंदाज में नृत्य कर मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ाया। उनके साथ भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने भी पहाड़ी धुनों पर कदमताल की। दोनों के नृत्य ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा और आयोजन का माहौल और भी खुशनुमा बना दिया।
इस अवसर पर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि आज रोजगार और बेहतर अवसरों की तलाश में बड़ी संख्या में लोग पहाड़ से शहरों की ओर पलायन कर चुके हैं, लेकिन अपनी मूल संस्कृति, सभ्यता और जड़ों से जुड़े रहना बेहद जरूरी है। इगास जैसे लोकपर्व और सांस्कृतिक आयोजन लोगों को अपनी परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं। साथ ही आपसी मेलजोल और सामाजिक एकजुटता को भी बढ़ावा देते हैं।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने कहा कि इगास बग्वाल महज एक पर्व नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और सामूहिक एकजुटता का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराने का अवसर मिलता है। पहाड़ की समृद्ध लोक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए इस तरह के आयोजन बेहद महत्वपूर्ण हैं।



