पौड़ी के युवक ने चोरी की ज्वैलरी से खरीदी बुलेट, गोवा में छिपा मिला कोटद्वार का चोर
घर में घुसकर उड़ाए थे गहने, मुथूट फाइनेंस में गिरवी रखकर लिया 90 हजार का ऋण

Aryan Walia, Dehradun: बुलेट मोटरसाइकिल खरीदने का शौक ऐसा चढ़ा कि एक युवक ने चोरी का रास्ता अपना लिया। कोटद्वार में एक घर से ज्वैलरी चोरी करने के बाद उसने गहनों को मुथूट फाइनेंस में गिरवी रख दिया। इसके बदले करीब 90 हजार रुपये का ऋण हासिल किया और धनतेरस के मौके पर बुलेट मोटरसाइकिल फाइनेंस करा ली। चोरी की कमाई से शौक पूरा करने वाला युवक इसके बाद गोवा पहुंच गया, लेकिन पौड़ी पुलिस की जांच से बच नहीं सका। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के जरिए उसकी पहचान कर पुलिस ने उसे गोवा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की नोज रिंग बरामद की गई। साथ ही चोरी की ज्वैलरी गिरवी रखकर मिले पैसों से फाइनेंस कराई गई बुलेट भी पुलिस ने कब्जे में ले ली।
मामला कोटद्वार निवासी तपस्या रावत के घर हुई चोरी से जुड़ा है। तपस्या ने नौ नवंबर 2026 को कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि पांच नवंबर की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर में घुसकर ज्वैलरी चोरी कर ली। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 271/2026 दर्ज करते हुए बीएनएस की धारा 305(ए) के तहत कार्रवाई शुरू की। घटना के पर्दाफाश के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने विशेष टीम गठित की।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के साथ आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें एक व्यक्ति संदिग्ध गतिविधियों में नजर आया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से उसकी पहचान की। जांच आगे बढ़ी तो चोरी की वारदात में उसकी संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम उसकी तलाश में जुट गई और आखिरकार उसे गोवा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान रोहित पुत्र जयपाल, निवासी कोटद्वार, जिला पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है।
पूछताछ में रोहित ने पांच नवंबर की रात घर में घुसकर चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि चोरी की ज्वैलरी कोटद्वार स्थित मुथूट फाइनेंस में गिरवी रखकर उसने करीब 90 हजार रुपये का ऋण लिया था। इसी रकम से धनतेरस पर बुलेट मोटरसाइकिल फाइनेंस कराई। पुलिस ने उसके कब्जे से तपस्या रावत की चोरी हुई नोज रिंग बरामद की। गोवा में गिरफ्तारी के बाद आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर कोटद्वार लाया गया। यहां न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने वादिनी तपस्या की चोरी की ज्वैलरी, नोज रिंग और चोरी की ज्वैलरी गिरवी रखकर प्राप्त रकम से फाइनेंस कराई गई बुलेट मोटरसाइकिल कब्जे में ली है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
– उपनिरीक्षक अभिनव शर्मा
– उपनिरीक्षक मेहराजुद्दीन
– कांस्टेबल चंद्रपाल
– कांस्टेबल आशीष बिष्ट
– कांस्टेबल अवनीश (सीआईयू)



