
Amit Bhatt, Dehradun: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक और भीषण हादसा सामने आया है। देहरादून और सहारनपुर की सीमा के करीब आशारोड़ी चेकपोस्ट पर एक तेज रफ्तार कार (एचआर 42ई 2701) आगे चल रहे सीमेंट के ट्राला (एचआर 63एफ 5353) में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा ट्राला में बुरी तरह फंस गया। पुलिस ने कड़ी मशक्क्त के बाद कार में पिछली सीट पर बैठे 02 व्यक्तियों को बाहर निकाला, जबकि आगे की सीट पर बैठे 02 व्यक्ति वहीं फंसे रह गए। उन्हें फायर सर्विस यूनिट ने कटर से दरवाजे के लॉक को काटकर निकाला। हादसे में चारों व्यक्तियों की दर्दनाक मौत हो गई।
देहरादून पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना रविवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे की है। मृतकों की पहचान अंकुश (निवासी सोनीपत, हरियाणा), पारस (निवासी सोनीपत, हरियाणा), विनय (निवासी सोनीपत, हरियाणा) और नविन (निवासी रोहतक, हरियाणा) के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में घायल अंकित (निवासी जींद, हरियाणा) का दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस ने अनुसार सीमेंट के ट्राला को कब्जे में लेकर चालक आफताब निवासी सहरानपुर से पूछताछ की जा रही है। जिसके क्रम में आगे की कार्रवाई गतिमान है। यह भी देखा जा रहा है कि हादसे की असल वजह क्या रही होगी। देहरादून में रफ्तार के कारण हो रहे हादसों ने सरकारी मशीनरी की चिंता बढ़ा दी है। दुर्घटना के संबंध में मृतकों और घायल के परिजनों को जानकारी दे दी गई है।