दूध–दुग्ध पदार्थों में मिलावट पर कड़ा शिकंजा, एफएसडीए की तड़के कार्रवाई
आयुक्त सचिन कर्वे के निर्देश पर मिलावटखोरों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई

Amit Bhatt, Dehradun: आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड सचिन कुर्वे के निर्देशों के क्रम में जनपद देहरादून में मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया गया। शुक्रवार 30 जनवरी 2026 को प्रातः 4 बजे से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने बाहरी जनपदों एवं राज्यों से आने वाले वाहनों में सप्लाई किए जा रहे संदिग्ध खाद्य पदार्थों की आकस्मिक जांच की।
उपायुक्त गढ़वाल मंडल, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन श्री आर.एस. रावत के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में विशेष रूप से दुग्ध एवं दुग्ध पदार्थों को निशाने पर रखा गया। इसी दौरान एक संदिग्ध टैंकर का पीछा कर उसे रायपुर चौक के समीप रोका गया। टैंकर में पनीर विक्रय हेतु ले जाया जा रहा था। मिलावट की आशंका के चलते पनीर के दो नमूने लेकर जांच के लिए खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजे गए हैं।
इसके अलावा देहरादून के एक प्रतिष्ठित अस्पताल में प्राप्त शिकायत के आधार पर अस्पताल कैंटीन का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कैंटीन से एक तैयार खाद्य पदार्थ ‘कुलचा’ का नमूना संग्रहित कर उसे भी जांच के लिए खाद्य विश्लेषक, रुद्रपुर (उत्तराखंड) भेजा गया है।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन श्री सचिन कुर्वे ने जनपद के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आम उपभोक्ताओं को गुणवत्तायुक्त और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या मिलावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस संयुक्त कार्रवाई में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा जनपद देहरादून श्री मनीष सयाना, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र श्री रमेश सिंह, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकासनगर श्री संजय तिवारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
एफएसडीए अधिकारियों ने बताया कि मिलावट के विरुद्ध यह अभियान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में आगे भी अनवरत रूप से संचालित किया जाएगा, ताकि आम जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वालों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।





