ब्रेकिंग: उत्तराख में ब्रांडेड दवा के नाम पर नकली माल, एसटीएफ ने किया भंडाफोड़
पंजाब से जुड़ा आरोपी गिरफ्तार, ब्रांडेड कंपनियों की नकली जीवनरक्षक दवाइयों के नेटवर्क की एक और कड़ी टूटी

Amit Bhatt, Dehradun: उत्तराखंड में नकली दवाइयों के संगठित अपराध पर STF ने शिकंजा कसते हुए एक और बड़ी सफलता हासिल की है। ब्रांडेड कंपनियों की जीवनरक्षक दवाइयों की हूबहू नकल कर बाजार में सप्लाई करने वाले गिरोह के एक और सक्रिय सदस्य को STF ने गिरफ्तार किया है। आरोपी नकली दवाइयों के पैकिंग मैटीरियल, लेबल और QR कोड का इस्तेमाल कर असली जैसी दवाइयां बाजार में खपा रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक STF नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में मोहन वैद्य उर्फ मोन्टी, निवासी ज़ीरकपुर, मोहाली (पंजाब) को देहरादून से गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में STF अब तक 12 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर चुकी है।
DGP के निर्देश पर STF का बड़ा अभियान
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ द्वारा नकली दवाइयों के पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद SSP STF नवनीत सिंह भुल्लर ने विशेष टीमें गठित कर नकली दवाइयों के निर्माण, पैकेजिंग और बाजार में सप्लाई करने वाले गिरोह की कुंडली तैयार कर सख्त कार्रवाई शुरू की।
ऐसे खुला नकली दवाइयों का जाल
STF के अनुसार, इस मामले की शुरुआत 01 जून 2025 को हुई थी, जब थाना सेलाकुई, देहरादून पुलिस ने प्रतिष्ठित दवा कंपनियों के नकली रैपर, आउटर बॉक्स, लेबल और QR कोड की भारी खेप के साथ संतोष कुमार को गिरफ्तार किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए विवेचना बाद में STF को सौंप दी गई।
पूछताछ में सामने आया कि संतोष कुमार ने नकली दवाइयों के लेबल बनाकर उन्हें मोहन वैद्य उर्फ मोन्टी को सप्लाई किया। मोन्टी इन लेबल्स को नकली दवाइयों के बॉक्स पर चिपकाकर उन्हें बाजार में बेचता था, जिससे मरीजों की जान से खुला खिलवाड़ किया जा रहा था।
मैनुअल पुलिसिंग से आरोपी तक पहुंची STF
STF टीम ने तकनीकी और मैनुअल पुलिसिंग के जरिए गिरोह की कड़ियों को जोड़ते हुए आखिरकार मोहन वैद्य उर्फ मोन्टी को 04 फरवरी 2026 को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के तार पंजाब समेत अन्य राज्यों से जुड़े होने की आशंका है, जिसको लेकर STF द्वारा आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण
नाम: मोहन वैद्य उर्फ मोन्टी
पिता का नाम: एन्टोनी
पता: मकान संख्या 181, शिवा एन्कलेव, ज़ीरकपुर, मोहाली, पंजाब
आपराधिक इतिहास: अन्य राज्यों से जानकारी जुटाई जा रही है।
STF का सख्त संदेश
STF अधिकारियों का कहना है कि नकली दवाइयों का धंधा सीधे आम जनता की जान से जुड़ा अपराध है। इस पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए STF की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और इस संगठित अपराध से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।



